गांधी और शास्त्री की जयंती पर उनके आदर्शों पर चलने का आवाह्न
रुद्रपुर ।(लोक निर्णय)राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व.लाल बहादुर शास्त्री की जयन्ती जनपद में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर गांधी का प्रिय भजन रामधुन रघुपति राघव राजा राम..पीर पराई..आदि से उपस्थित लोग भाव विभोर हुए।जिलाधिकारी ने कहा कि हम लोगों को महापुरूषों से प्रेरणा लेनी चाहिए और जो राह महापुरूषों ने दिखाई है उस पर सभी को चलने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांधी जी सत्य, अहिंसा के अपने विचारों व व्यवहार से पूरे विश्व के लिये प्रेरणा श्रोत है। कहा कि जब तक सृष्टि रहेगी तब तक गांधी व शास्त्री के विचार सभी के लिये अनुकरणीय रहेंगे। उन्होने कहा कि हमेशा सच के साथ चलना चाहिए व मन और वाणी को हमेशा सकारात्मक रखना चाहिए। कहा कि महात्मा गांधी ने देश में अनेकता में एकता की भावना को बड़े ही सहज ढंग से हम सब के सामने प्रदर्शित किया है। इस देश की जो सामाजिक कुरितियां थी उसको राष्ट्रपिता ने बडे़ ही धैर्य से समझ कर उसका निराकरण किया। उन्होने कहा कि महात्मा गांधी ने इस देश को एकजुट बनाने के लिए सबको साथ ले के चलने के लिए अभूतपूर्व प्रयास किया। डीएम भदौरिया ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्म पूरी ईमानदारी व निष्ठा से कार्य करना चाहिए क्योंकि कर्म ही पूजा है। हम सबको समाज में खड़े अन्तिम व्यक्ति को समाज के मुख्यधारा में जोड़ने के लिए मिलकर प्रयास करना होगा तभी समाज का समग्र विकास सम्भव है।महात्मा गांधी जी के विचारों के अनुसार हमे अपनी कथनी और करनी में एकरूपता लानी चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा कि देश के दुसरे प्रधानमंत्री स्व.लाल बहादुर शास्त्री ने हमारे देश को जय जवान, जय किसान का जो नारा दिया वह अपने आप में देश के समग्र विकास की गाथा है। जब देश का युवा आगे बढ़ेगा और देश के किसान खुशहाल होंगे तो वह देश निश्चित ही विकास की नई गाथा लिखेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल आदि के माध्यम से अपने जीवन को आगे ले जाना चाहिए तभी हमारा देश आगे बढ़ सकता है।
इस अवसर अपर उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा,ओसी हिमांशु क़फ़्लटिया,तहसीलदार दिनेश कुटौला, सहित क्लेक्ट्रेट के अधिकारी/कर्मचारी आदि उपस्थित थे।इधर मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने विकास भवन में महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर श्रद्धासुमन पुष्प अर्पित किए।इस दौरान रिप परियोजना के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।





