पंत विवि के 67वें स्थापना दिवस पर घुड़सवारी का प्रदर्शन
पंतनगर।( लोक निर्णय) गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के 67वें स्थापना सप्ताह के अंतर्गत गुरुवार को पशु चिकित्सा एवं पशु पालन विज्ञान महाविद्यालय द्वारा घुड़सवारी के प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्य के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने घुड़सवारी के प्रदर्शन के आयोजन को विश्वविद्यालय की एक अलग उपलब्धि बतायी। उन्होंने कहा कि वह तो यही सोचता था कि यहां पर केवल शोध और अध्यापन का ही कार्य होता है। उन्होंने विभिन्न पुरूष एवं महिला कैडेट द्वारा किये गये प्रदर्शन की प्रशंसा की और उन्होंने जीवन के हर क्षेत्र में अनुशासन की महत्ता पर प्रकाश डाला। कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि घुड़सवारी के सफल आयोजन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि घोड़ो और घुड़सवार के बीच एक अदभुत तारतम्य दिखा और सभी घुड़सवारों ने बहुत ही सफल प्रदर्शन किया।इस हार्स शो में शो जम्पिंग और टेंट पैगिंग का कुशल प्रदर्शन विभिन्न छात्रों यथा राहुल सिंह जायसवाल, राम माली, असलम अंसारी, गौतम एवं सुश्री लक्ष्मी पासवान द्वारा किया गया।कार्यक्रम का आयोजन पशु चिकित्सा एवं पशु पालन विज्ञान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डा. देवेन्द्र कुमार के नेतृत्व में किया गया तथा कार्यक्रम के आयोजन में मेजर सागर लोचन, कमाडिंग आफिसर, वन यू.के आर एण्ड वी स्क्वैड्रन, एनसीसी, डा. अमन कम्बोज, सीटीओ, वन यू.के आर एण्ड वी स्क्वैड्रन, एनसीसी तथा वन यू.के आर एण्ड वी स्क्वैड्रन, एनसीसी के अन्य कर्मियों का योगदान रहा। इस अवसर पर अधिष्ठाता विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय डा. आर.सी. श्रीवास्तव, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डा. विपिन चन्द्र ध्यानी, निदेशक प्रसार शिक्षा डा. सी. तिवारी, निदेशक संचार डा. जे.पी. जायसवाल एवं पशु चिकित्सा एवं पशु पालन विज्ञान महाविद्यालय के संकाय सदस्य, एनसीसी कैडेट एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।




