लीलाधर हत्याकांड के दो आरोपित गिरफ्तार,अन्य की तलाश
रुद्रपुर। (लोक निर्णय) आइपीएस मणिकांत मिश्रा के एसएसपी ऊधम सिंह नगर चार्ज संभालते ही अपराध पर अंकुश लगाने में पुलिस मुस्तैद हो गई है।पुलिस ने हत्या के 24 घंटे के भीतर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।इसके जरिए पुलिस ने संदेश दिया कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जनपद ऊधम सिंह नगर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आपराधिक घटनाओं में त्वरित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देशों के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह। नगर मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने रेशमबाड़ी चाकूबाजी प्रकरण में दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया है। 26 नवंबर की रात रेशमबाड़ी मुख्य मार्ग पर बाइक की चाबी निकालने को लेकर अनुज और विनोद कश्यप के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद विनोद कश्यप अपने साथियों के साथ रेशमबाड़ी स्थित राम अवतार के घर पहुंचकर परिवार के लोगों के साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई।विवाद के दौरान लीलाधर, राहुल और परिवार के अन्य लोगों द्वारा बीच-बचाव करने पर आरोपितों ने चाकू से वार किए।जिससे लीलाधर, राहुल सहित अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को जिला चिकित्सालय रुद्रपुर ले जाया गया।जहां चिकित्सकों ने लीलाधर को मृत घोषित कर दिया। राहुल का उपचार किया गया।सूचना पर कोतवाली रुद्रपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और लोगों से पूछताछ की गई तथा फील्ड यूनिट को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए। जोहरी लाल की तहरीर के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में मु0अ0सं0 618/2026, धारा 103(1), 191(3), 118(1) एवं 352 बीएनएस के अंतर्गत छह नामजद आरोपितों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया। अब तक की विवेचना और गवाहों के बयानों के आधार पर मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 27 नवंबर की शाम किच्छा रोड स्थित बागवाड़ा मंडी के सामने से सुभाष पुत्र रघुवीर सिंह, निवासी वार्ड नं0 12, रेशमबाड़ी, रुद्रपुर और विनोद कश्यप पुत्र राजेंद्र कश्यप निवासी वार्ड नं0 13, दूधियानगर रुद्रपुर को पकड़ लिया। ऊधम सिंह नगर पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें तथा शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।





