खाद्य तेल को दो बार से अधिक तलने में उपयोग न करने की सलाह
चंपावत। लोक निर्णय)खाद्य तेल के सुरक्षित उपयोग एवं एक ही खाद्य तेल में खाद्य पदार्थों को दो बार से अधिक न तलने के संबंध में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयुक्त एफडीए उत्तराखंड एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपद में खाद्य कारोबारियों को जागरूक किया गया। इस दौरान खाद्य तेल के बार-बार उपयोग से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों के बारे में खाद्य कारोबारियों को जानकारी दी गई। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी द्वारा बताया गया कि खाद्य तेल को बार-बार गर्म करने अथवा एक ही तेल में खाद्य पदार्थों को दो बार से अधिक तलने से तेल की गुणवत्ता प्रभावित होती है तथा इससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ सकते हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों को तलने के लिए एक ही तेल का दो बार से अधिक उपयोग न करने तथा खाद्य तेल के सुरक्षित उपयोग के संबंध में खाद्य कारोबारियों को निर्देशित किया गया। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।इस दौरान सहायक दिनेश फर्त्याल उपस्थित रहे।




