रिंग में मुक्कों की गूंज, खिलाड़ियों में दिखा पदक जीतने का जुनून
रुद्रपुर।(लोक निर्णय) रिंग में मुक्कों की गूंज के साथ ही जीत का जुनून बॉक्सिंग खिलाड़ियों में दिखा। पदक हासिल करने के लिए खिलाड़ी एक दूसरे को पंच मार जूझते दिखे। इसे देख दर्शक भी दांतों तले अंगुलिया दबा ली।साथ ही दर्शक भी तालियां बजाकर खिलाड़ियों में जोश भरते दिखे। मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम के शिवालिक हाल में शुक्रवार को आयोजित राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।साथ ही खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने को प्रेरित किया।प्रतियोगिता में प्रदेशभर से पहुंचे मुक्केबाजों ने अपनी प्रतिभा, दमखम और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। साथ ही खिलाड़ियों में एक-एक अंक के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला। इस प्रतियोगिता के जरिए खिलाड़ियों को न केवल अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने की राह भी मजबूत हुई।किसी ने तेज पंच से प्रतिद्वंद्वी को चौंकाया तो किसी ने शानदार डिफेंस से मुकाबले का रुख पलट दिया। पुरुष वर्ग में 47 से 50 किलोग्राम भार वर्ग में बागेश्वर के सूरज सिंह ने अल्मोड़ा के चंचल सिंह को हराकर अगले राउंड में प्रवेश किया।इसी तरह 50 से 55 किग्रा. में बागेश्वर के दीपक नेगी ने अल्मोड़ा के विजय कुमार को, इसी भार वर्ग में रुद्रप्रयाग के पवन कुमार ने पौड़ी के अंशुल शुक्ला को, 55 से 60 किग्रा. भार वर्ग पौड़ी के साहिल ने रुद्रप्रयाग के हरप्रीत को, इसी भार वर्ग में पिथौरागढ़ के विश्वास मेहरा ने अल्मोड़ा के सौरभ कुमार को, ऊधम सिंह नगर के विशाल ने नैनीताल के सौरभ किशोर को हराकर अगले राउंड के लिए जगह बनाई।महिला वर्ग में 45 से 48 किलोग्राम भार वर्ग में देहरादून की निवेदिता ने अल्मोड़ा की लक्ष्मी को,48 से 51किग्रा. में बागेश्वर की हिमानी ने ऊधम सिंह नगर की खुशी को, 54 से 57 किग्रा. में पिथौरागढ़ की चांदनी ने देहरादून की सांची को और 60 से 65 किग्रा. भार वर्ग में पिथौरागढ़ की दीपा ने देहरादून की युक्ति को हराया। इस मौके पर उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट,नीता सक्सेना,गोपाल खोलिया, महामंत्री उत्तराखंड राज्य बॉक्सिंग एसोसिएशन, मुकर्जी निर्वाण,विनोद तिवारी, दलविंदर सिंह, मनोज सिंह, विनीता नेगी, अमित पोखरिया, वीएल चोमवाल, घनश्याम श्यामपुरिया आदि मौजूद थे।





