दो अगस्त को पीएम मोदी करेंगे युवाओं से वर्चुअल संवाद, ‘नशामुक्त युवा’ अभियान का होगा आगाज
देहरादून।( लोक निर्णय) युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माई भारत की ओर से दो अगस्त को ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का राष्ट्रव्यापी शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के युवाओं को वर्चुअली संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से लगभग 10 हजार स्थानों पर एक करोड़ से अधिक युवाओं के जुड़ने की संभावना है।उत्तराखण्ड में कार्यक्रम का प्रसारण सभी जिलों के माई भारत कार्यालयों और विकासखण्डों में किया जाएगा। राज्य के प्रमुख आयोजन सीआइएमएस देहरादून, आइटीबीपी मातली (उत्तरकाशी), ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय, देहरादून तथा देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार में होंगे। इनमें माई भारत और एनएसएस के स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।प्रधानमंत्री के संबोधन के दौरान देशभर के युवा सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ लेंगे और नशीले पदार्थों से दूर रहने के साथ दूसरों को भी इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लेंगे। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के खिलाफ एकजुट कर स्वस्थ, जिम्मेदार और सकारात्मक जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है। यह पहल विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय विजन और नशामुक्त भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।अभियान के तहत अगले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को खेल एवं फिटनेस गतिविधियां, वॉकथॉन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, ध्यान सत्र, जागरूकता अभियान और सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा माई भारत पोर्टल पर ई-प्रतिज्ञा अभियान भी चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से युवा और नागरिक नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता दर्ज करा सकेंगे।युवाओं की रचनात्मक भागीदारी बढ़ाने के लिए जिला स्तर पर लोकगीत, मूक अभिनय, लघु फिल्म, रील्स, चित्रकला, वाद-विवाद और नारा लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। अभियान का समापन 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय नशामुक्ति युवा कॉन्क्लेव के साथ होगा, जहां उत्कृष्ट प्रतिभागियों और संस्थानों को सम्मानित किया जाएगा।





