काशीपुर बनेगा हेल्थकेयर शिक्षा का हब, तैयार होंगे ग्लोबल हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स
काशीपुर। उत्तराखंड के युवाओं के लिए हेल्थकेयर शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। चिकित्सा क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पहचान बना चुके विशेषज्ञों के सहयोग से काशीपुर में आधुनिक नर्सिंग, फार्मेसी एवं पैरामेडिकल शिक्षा का केंद्र स्थापित किया जाएगा। चारकोस ग्रुप ऑफ पैरामेडिकल कॉलेज और मेडक्लिक्स हॉस्पिटल के संयुक्त प्रयासों से शुरू होने जा रही इस पहल से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली मेडिकल शिक्षा अपने ही शहर में उपलब्ध हो सकेगी। काशीपुर में इंग्लैंड के विख्यात चिकित्सक दंपती डॉ. शशि बालियान और डॉ. सीमा बालियान, जर्मनी के जॉकोव स्कूलज तथा मेडक्लिक्स हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ. विशाल शर्मा ने पत्रकारों को बताया कि कॉलेज का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को वैश्विक हेल्थकेयर सेक्टर में रोजगार के अवसरों के लिए तैयार करना भी है।संस्थान में आधुनिक तकनीक और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिससे छात्र-छात्राएं देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी बेहतर करियर बना सकें। उन्होंने बताया कि दुनिया भर में प्रशिक्षित हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स की मांग तेजी से बढ़ रही है और यह संस्थान युवाओं को उसी स्तर की दक्षता प्रदान करेगा।
डॉ. शशि बालियान ने कहा कि उनका उद्देश्य उत्तराखंड के युवाओं को ऐसी शिक्षा और प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, जिससे वे विश्व के किसी भी देश में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दे सकें। काशीपुर में नर्सिंग, फार्मेसी और पैरामेडिकल कॉलेज शुरू होने से युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना को काशीपुर ही नहीं,बल्कि पूरे देश के विद्यार्थियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलने वाली पहल माना जा रहा है। इससे क्षेत्र में मेडिकल एवं पैरामेडिकल शिक्षा को नई दिशा मिलने के साथ-साथ रोजगार के अंतरराष्ट्रीय अवसर भी मिलेगा।



