रुद्रपुर की जसमीत ने किया पीसीएस में टॉप,मेयर ने किया सम्मानित
रुद्रपुर। (लोक निर्णय) उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की पीसीएस परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर रुद्रपुर का नाम रोशन करने वाली जसमीत कौर पाहवा को महापौर विकास शर्मा ने उनके आवास वसुंधरा पॉम हाउस कॉलोनी जाफरपुर पर सम्मानित किया। उनके पिता जसवंत सिंह पाहवा, माता मनप्रीत कौर एवं पूरे परिवार को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।शर्मा ने कहा कि जसमीत कौर ने पीसीएस परीक्षा में पूरे उत्तराखंड में शीर्ष स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि रुद्रपुर शहर और पूरे जनपद का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह रुद्रपुर के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण है, क्योंकि शहर की किसी बेटी ने पहली बार पीसीएस परीक्षा में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि सिविल सेवा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा का काम करेगी।जसमीत कौर ने बताया कि जब मेहनत को समाज का प्रोत्साहन मिलता है तो आगे बढ़ने की प्रेरणा और बढ़ जाती है। जो युवा प्रशासनिक सेवा में आना चाहते हैं, उन्हें पूरे जुनून, धैर्य और लगन के साथ तैयारी करनी चाहिए। ईमानदार प्रयास और लगातार मेहनत करने वालों को सफलता अवश्य मिलती है। जसमीत ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद, परिवार के सहयोग और ईश्वर की कृपा को दिया। उन्होंने शुभकामनाएं देने वाले सभी लोगों का आभार जताया।इस अवसर पर गुरमीत सिंह, पारस चुघ, चिराग कालरा, गौरव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




