रुद्रपुर या रामपुर? इंडसटेक प्रदर्शनी के वेन्यू पर उठा सवाल, प्रदर्शनी के पते ने बढ़ाया भ्रम
रुद्रपुर। (लोक निर्णय)उत्तराखंड के प्रमुख औद्योगिक आयोजनों में शामिल इंडसटेक रुद्रपुर इंडस्ट्रियल एग्जीबिशन 2026 का 35वां संस्करण 8, 9 और 10 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय इस प्रदर्शनी में 150 से अधिक औद्योगिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सहित कई राज्यों की प्रमुख कंपनियां हिस्सा लेंगी। आयोजन का संचालन द्रोणाचार्य इवेंट्स प्राइवेट लिमिटेड कर रही है, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा के शामिल होने का कार्यक्रम है।
हालांकि, प्रदर्शनी शुरू होने से पहले ही आयोजन स्थल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। प्रचार-प्रसार के लिए लगाए गए फ्लेक्सी और प्रचार सामग्री में आयोजन स्थल “आर्क होटल, रुद्रपुर” लिखा गया है, जबकि उद्यमियों का कहना है कि संबंधित होटल उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में स्थित है, न कि उत्तराखंड के रुद्रपुर में।
उद्यमियों का आरोप है कि आयोजन स्थल का गलत उल्लेख प्रतिभागियों और आगंतुकों को भ्रमित कर सकता है। उनका कहना है कि इतने बड़े औद्योगिक आयोजन में वेन्यू का स्पष्ट और सही पता दिया जाना चाहिए, ताकि बाहर से आने वाले उद्योग प्रतिनिधियों और कारोबारियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सिडकुल पंतनगर स्थित जोविस हर्बल प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट हेड कमलेश माजिला ने बताया कि आर्क होटल उत्तर प्रदेश में है,जबकि प्रदर्शनी के आयोजक इसे रुद्रपुर बता रहे हैं।इससे उद्यमियों को गुमराह किया जा रहा है,जो ठीक नहीं है।





