दिशा की बैठक में भड़के सांसद
रुद्रपुर। (लोक निर्णय) पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और सांसद अजय भट्ट ने आज कलक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में केन्द्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की।बैठक में ईएसआइसी के एमएस नहीं दिखे तो सांसद भड़क गए।उनके निर्देश पर एमएस को बैठक में बुलाया गया। उन्होंने कहा कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारें ताकि जनता को योजनाओं का लाभ समय से मिल सके। उन्होने इएसआइसी चिकित्सालय के डाॅक्टरोें द्वारा मरीजों के प्रति लापरवाही बरतने की शिकायत पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य विकास अधिकारी व मुख्य चिकित्साधिकारी को चिकित्सालय का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। चिकित्सालय में मरीजों को अच्छी तरह देखें, यदि चिकित्सालय में पर्याप्त चिकित्सक व उपकरण नहीं है तो उनको रेफर कर दे।जिससे समय से अन्य जगह अपना इलाज करा सकें। सांसद अजय भट्ट ने कहा कि मरीजों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत रुद्रपुर व काशीपुर डिविजन द्वारा समिति की बैठक न कराने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी को स्पष्टीकरण लेने व केन्द्र सरकार योजनाओं की जांच कराने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता विद्युत काशीपुर व रुद्रपुर द्वारा किए जा रहे कार्यों की पूर्ण विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सांसद भट्ट ने जल जीवन मिशन कार्यो की समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता पेयजल निगम, जलसंस्थान को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन ठेकेदारों द्वारा पेयजल योजना कार्यों में कोताही बरती जा रही है, उनके खिलाफ कार्रवाई व भुगतान पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए। नैनीताल हाईवे डीडी चैक से परशुराम चैक के बीच पुटओवर ब्रीज बनाने व हल्द्वानी रोड पर टांडा रेंज में रेलवे क्रासिंग पर आरओबी निर्माण हेतु प्रस्ताव बनाकर भेजने के निर्देश अधिशासी अभियंता लोनिवि को निर्देश दिए।जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सभी अधिकारियों को बैठक में सांसद द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए साथ ही अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के भी निर्देश दिए।बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक शिव अरोरा, आदेश सिंह चैहान, जिलाध्यक्ष भाजपा कमल जिंदल, पूर्व दर्जामंत्री मुकेश कुमार, ब्लाॅक प्रमुख रीना गौतम, चेयरमैन नगर पालिका गदरपुर मनोज गुम्बर, समिति के सदस्य व मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, प्रभागीय वनाधिकारी उमेश चन्द्र तिवारी, एसपी सिटी डाॅ0 उत्तम सिंह नेगी, परियोजना निदेशक डीआरडीए हिमांशु जोशी, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल आदि मौजूद थे।





