रुद्रपुर मंडी में सेवा सप्ताह के कार्यक्रम में किसान-श्रमिक जुटे
रुद्रपुर। (लोक निर्णय) कृषि उत्पादन मंडी समिति, रुद्रपुर में सेवा सप्ताह अभियान के तहत कृषक एवं श्रमिक सम्मेलन में बुधवार को 600 से अधिक कृषकों एवं श्रमिकों के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने भागीदारी की। इस दौरान पंजीकृत श्रमिकों को शिक्षण, पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता किट वितरित की गईं, जबकि 12 प्रगतिशील एवं जागरूक कृषकों को सम्मानित किया गया। रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने क्षेत्र में कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने रिंग रोड, केंद्रीय विद्यालय, त्रिशूल चौक से मेडिकल कॉलेज तक सड़क चौड़ीकरण, रूद्रपुर डिग्री कॉलेज के समीप कुमाऊं प्रवेश द्वार, काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण, गांधी पार्क सौंदर्यीकरण तथा मोदी मैदान में खेल स्टेडियम की स्वीकृति सहित विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के दीर्घायु होने की कामना की। चिकित्सा शिविर में आइडीएफसी-1 बैंक एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से 396 लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। शिविर में ब्लड टेस्ट, आंखों की जांच सहित अन्य बुनियादी स्वास्थ्य परीक्षण किए गए।श्रम विभाग के सहयोग से किसानों एवं श्रमिकों को शिक्षण, पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता किट वितरित की गईं। वहीं कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड, रूद्रपुर की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी किसानों एवं आमजन को दी गई। इनमें कृषक सहायता योजना, छात्रवृत्ति सहायता योजना एवं दुर्घटना सहायता योजना प्रमुख रहीं।उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड के निर्देशों के क्रम में मंडी समिति, रूद्रपुर द्वारा 12 प्रगतिशील एवं जागरूक कृषकों को सम्मानित किया गया। सम्मानित कृषकों में जसबीर सिंह उपल, अमन सिंह ढिल्लो, गुरूदेव सिंह, हरविंदर सिंह, गुरूबक्श सिंह, सुखप्रीत कौर, अंजली प्रकाश, सीमा रघुवंशी, नवजोत कौर, राहुल प्रकाश, किरन एवं विक्रम जीत सिंह शामिल रहे।कार्यक्रम में महाप्रबंधक (प्रशासन) निर्मला बिष्ट, महाप्रबंधक (वित्त) जुबक मोहन सक्सेना, मंडी समिति के सचिव विश्वविजय सिंह देव, सहायक श्रम आयुक्त अरविंद सैनी, संदीप राव, सोनू वर्मा सहित मंडी समिति के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।





