प्रगतिशील किसानों ने पंत विवि की कृषि एवं तकनीकी पहलों की जानकारी
पंतनगर।(लोक निर्णय) पूर्व विधायक एवं विश्वविद्यालय के प्रबंध परिषद के सदस्य शैलेंद्र मोहन सिंघल के नेतृत्व में 25 प्रगतिशील किसानों के दल ने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर का भ्रमण किया। किसानों ने विश्वविद्यालय के कुलपति सभागार में कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप से मुलाकात कर विश्वविद्यालय की कृषि, अनुसंधान एवं तकनीकी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने किसानों को विश्वविद्यालय द्वारा कृषि क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न नवाचारों एवं नई पहलों की जानकारी दी। उन्होंने विश्वविद्यालय फार्म में बीज उत्पादन, आलू एवं गन्ने के बीज उत्पादन की योजनाओं तथा सौर ऊर्जा एवं बायोगैस संयंत्र की स्थापना एवं संचालन के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय फार्म पर बीज उत्पादन को बढ़ाना है और उत्तराखण्ड बीज एवं तराई विकास निगम को उन्नतशील बीज उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी विश्वविद्यालय ने ली है। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय बायोगैस संयंत्र के माध्यम से बीएनजी/सीएनजी उत्पादन की दिशा में भी कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि इन पहलों के माध्यम से कृषि अवशेषों एवं जैविक संसाधनों के बेहतर उपयोग के साथ वैकल्पिक एवं टिकाऊ ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। किसानों ने विश्वविद्यालय की इन पहलों में विशेष रुचि दिखाई और वैज्ञानिक कृषि, उन्नत बीज उत्पादन, नवीकरणीय ऊर्जा तथा कृषि आधारित तकनीकी नवाचारों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। किसानों ने विश्वविद्यालय की गतिविधियों को कृषि क्षेत्र के लिए उपयोगी बताते हुए विश्वविद्यालय के कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर शैलेंद्र मोहन सिंघल ने पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप के पिछले पांच माह में किए गए कार्यों एवं पहलों की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा कृषि एवं किसानों के हित में किए जा रहे प्रयास महत्वपूर्ण हैं।





