ऊधम सिंह नगर

मेयर बोले:दुर्गा पूजा स्थलों के आसपास मांस बिक्री पर रहेगी रोक

रुद्रपुर। (लोक निर्णय)शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा को लेकर नगर निगम रुद्रपुर ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर में होने वाली दुर्गा पूजा को भव्य और व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए नगर निगम इस बार पूजा कमेटियों को व्यापक सहयोग देगा। इसी सिलसिले में महापौर विकास शर्मा ने नगर निगम सभागार में रुद्रपुर क्षेत्र की दुर्गा पूजा कमेटियों के पदाधिकारियों के साथ गुरुवार को बैठक कर तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक में पूजा कमेटियों की ओर से सुरक्षा सहित विभिन्न समस्याएं और आवश्यकताएं सामने रखी गईं, जिनके तत्काल समाधान के लिए महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। महापौर ने नगर निगम के संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। पूजा शुरू होने से पहले सभी आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाए, ताकि नवरात्र और दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। महापौर ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में प्रमुख रूप से ट्रांजिट कैंप, रविंद्र नगर, संजय नगर, मुखर्जी नगर, इंदिरा आदर्श बंगाली कॉलोनी और रामपुरा में दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाता है। इन सभी स्थानों पर पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम स्तर से व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।बैठक में दुर्गा पूजा कमेटियों की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष मांग रखी गई। इस पर महापौर ने बताया कि पूजा स्थलों पर पर्याप्त पुलिस एवं पीएसी बल की तैनाती के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति को पत्र भेजा गया है। पूजा पंडालों और आयोजन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने का आग्रह किया गया है, ताकि महिलाएं, बच्चे और अन्य श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के दुर्गा पूजा में शामिल हो सकें। महापौर ने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था और संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे में आयोजन स्थलों पर कानून-व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।पूजा स्थलों पर स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी नगर निगम ने विशेष तैयारी की है। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी छह प्रमुख पूजा स्थलों पर नियमित रूप से दोनों समय सफाई कराई जाए। पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए वहां पानी के टैंकर तथा शौचालय की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूजा स्थलों के आसपास सफाई व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता रहेगी।दुर्गा पूजा के दौरान पूजा स्थलों के आसपास मांसाहारी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर भी रोक रहेगी। महापौर ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान संबंधित क्षेत्रों में आसपास की नॉनवेज दुकानें बंद रहेंगी और वहां किसी प्रकार का नॉनवेज नहीं बिकने दिया जाएगा। इसके साथ ही नवरात्र से लेकर दुर्गा पूजा तक पूरे शहर में नॉनवेज की बिक्री बंद रखने की व्यवस्था की जाएगी। महापौर ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार नगर निगम क्षेत्र में होने वाली सभी दुर्गा पूजाओं को सहयोग दिया जाएगा। महापौर ने कहा कि पिछले नवरात्रों की तरह शहर और मंदिरों की सजावट, स्वच्छता तथा प्रकाश व्यवस्था तो नगर निगम की ओर से की ही जाएगी। इसके अलावा इस बार सभी दुर्गा पूजा आयोजनों में टेंट और लाइट की व्यवस्था भी नगर निगम द्वारा कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि नगर निगम ने पहले भी रुद्रपुर शहर और ट्रांजिट कैंप सहित विभिन्न क्षेत्रों में नवरात्र के दौरान सजावट और प्रकाश व्यवस्था कराई है। उसी तर्ज पर इस बार दुर्गा पूजा के आयोजन स्थलों को भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रकार की कोई दिक्कत पूजा कमेटियों को नहीं आने दी जाएगी। नगर निगम और धामी सरकार उनके साथ है। बैठक में बंगाली कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप अधिकारी, ट्रांजिट कैम्प दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष सुमित राय, संजय नगर के पिंकू राय, जगतपुरा के सपन साहा, बंगाली कालोनी के गणेश दास,रविन्द्र नगर के सुकुमार सरकार, रम्पुरा के गौतम मण्डल आदि शामिल रहे। सभी ने सहयोग के लिए महापौर विकास शर्मा का आभार व्यक्त किया।

locnirnay@gmail.com

locnirnay@gmail.com

About Author

You may also like

ऊधम सिंह नगर

यूएस नगर में शपथ नहीं ले पाए 99 ग्राम प्रधान, मायूस

लोक निर्णय,रुद्रपुर: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कड़े मुकाबले में प्रधान तो चुने गए, मगर कोरम पूरा न होने पर 99
ऊधम सिंह नगर

जिला जल एवं स्वच्छता मिशन बैठक – पेयजल के लिए 636.14 करोड़ स्वीकृत

लोक निर्णय,रुद्रपुर: पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री व सांसद अजय भट्ट ने चार सितंबर को कलक्ट्रेट के सभागार