हरित यज्ञ के छठे दिन छात्रावास परिसरों में फला-फूला हरित अभियान, फलदार पौधों का वृहद रोपण
पंतनगर।( लोक निर्णय) गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप के नेतृत्व में संचालित 15 दिवसीय ‘हरित यज्ञ’ अभियान के छठे दिन आज विश्वविद्यालय के विभिन्न छात्रावास परिसरों में पौधारोपण किया गया। मीनाक्षी भवन, नेहरू भवन, मंदाकिनी भवन, सरस्वती भवन एवं अम्बेडकर भवन छात्रावासों में आम, नींबू, करौंदा, कटहल और अमरूद सहित विभिन्न फलदार पौधे लगाए गए और उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर निर्माण का संदेश दिया गया।अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय समुदाय को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और छात्रावास कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पौधरोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. विपिन ध्यानी, पशुचिकित्सा एवं पशुपालन विज्ञान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. देवेन्द्र कुमार, प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एस.एस. गुप्ता, निदेशक संचार डॉ. जे.पी. जायसवाल, विभिन्न छात्रावासों के अभिरक्षक एवं सहायक अभिरक्षक सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने हरित यज्ञ अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने का संकल्प दोहराया।





