हरिद्वार गंगा कॉरिडोर को मिली रफ्तार, CM धामी ने 235 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास-भूमि पूजन
हरिद्वार। (लोक निर्णय) हरिद्वार को विश्वस्तरीय धार्मिक और पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत लगभग 235 करोड़ रुपये की विभिन्न आधारभूत अवसंरचना परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। उत्तराखण्ड निवेश एवं आधारिक संरचना विकास बोर्ड (UIIDB) द्वारा संचालित इन परियोजनाओं का उद्देश्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आधुनिक, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराना है।मुख्यमंत्री ने 43.25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली प्रशासनिक मार्ग परियोजना का भूमि पूजन किया। इसके साथ ही 66.76 करोड़ रुपये की लागत से हर की पैड़ी एवं सुभाष घाट के पुनरुद्धार, 66.34 करोड़ रुपये की लागत से हर की पैड़ी के उत्तर क्षेत्र में आधारभूत अवसंरचना विकास तथा 58.84 करोड़ रुपये की लागत से रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनरुद्धार कार्यों का शिलान्यास किया।
इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद हरिद्वार में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं गंगा तट का सौंदर्यीकरण और धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।





