उत्तराखंड ऊधम सिंह नगर कारोबार खेती/किसानी शिक्षा शोध/आविष्कार स्वास्थ्य

पंत विवि के स्थापना दिवस समारोह के समापन पर विजेताओं को सम्मानित किया गया


पंतनगर। (लोक निर्णय)गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के 67वें स्थापना दिवस सप्ताह डा. रतन सिंह सभागार में पुरस्कार वितरण समारोह के साथ सम्पन्न हुआ। विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय द्वारा आयोजित स्मृति व्याख्यान में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डा. तेज प्रताप उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने की। इस अवसर पर कुलसचिव डा. दीपा विनय, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डा. विपिन चंद्र ध्यानी तथा अधिष्ठाता विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय डा. रमेश चंद्र श्रीवास्तव सहित विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता, निदेशक, शिक्षक, वैज्ञानिक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित के साथ हुआ।अधिष्ठाता विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय डा. रमेश चंद्र श्रीवास्तव ने स्वागत संबोधन में भारत रत्न पंडित गोविन्द बल्लभ पंत के स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्र निर्माण, जनसेवा और कुशल प्रशासन में योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके नाम पर स्थापित विश्वविद्यालय के लिए उनके आदर्श सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह स्मृति व्याख्यान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को शिक्षा के व्यापक उद्देश्य, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय का भविष्य अनुसंधान, नवाचार, बौद्धिक संपदा के विकास तथा विद्यार्थियों को उद्यमिता एवं कौशल आधारित शिक्षा से जोड़ने में निहित है। उन्होंने विदेशों के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के उदाहरण देते हुए कहा कि कई वैश्विक विश्वविद्यालय अपने अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और बौद्धिक संपदा के माध्यम से स्वयं के लिए पर्याप्त संसाधन जुटा रहे हैं। पंतनगर विश्वविद्यालय को भी इसी दिशा में आगे बढ़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को केवल सरकारी वित्तीय सहायता पर निर्भर रहने के स्थान पर अनुसंधान आधारित संसाधन सृजन, तकनीकी हस्तांतरण, नवाचार और उद्योगों के साथ सहयोग को बढ़ावा देना होगा। इसके लिए उन्होंने मोनाष विश्वविद्यालय का उद्हारण देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में बौद्धिक संसाधनों का प्रभावी उपयोग तथा शोध को व्यावहारिक और आर्थिक रूप से उपयोगी बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का भविष्य यहां के शिक्षकों, वैज्ञानिकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। पंतनगर की ऐतिहासिक पहचान और देश की अपेक्षाओं के अनुरूप संस्थान को उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करने होंगे। कुलपति ने स्थापना सप्ताह के सफल आयोजन के लिए अधिष्ठाता छात्र कल्याण डा. विपिन चंद्र ध्यानी सहित सभी आयोजन समितियों, महाविद्यालयों, विभागों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि 17 से 23 नवंबर तक आयोजित विभिन्न गतिविधियों ने विश्वविद्यालय की एकता, रचनात्मकता और सामूहिक सहभागिता को प्रदर्शित किया है।अधिष्ठाता छात्र कल्याण डा. विपिन चंद्र ध्यानी ने स्थापना सप्ताह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि सप्ताह के दौरान पूर्व शिक्षकों के साथ संवाद एवं सम्मान समारोह, अंतर-महाविद्यालय वाद-विवाद प्रतियोगिता, गरबा नाइट, रन फॉर यूनिवर्सिटी, हॉर्स शो, विश्वविद्यालय बैंड शो, काव्य संध्या, ओपन माइक, साहित्यिक संध्या, अंतर-महाविद्यालय सांस्कृतिक संध्या, पंतनगर स्मारिका केंद्र का उद्घाटन तथा एलुमनी मीट सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों में विश्वविद्यालय के सभी महाविद्यालयों और इकाइयों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
समारोह में स्थापना सप्ताह के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। विश्वविद्यालय बैंड शो में प्रथम स्थान रागा रेजोनेंस, सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय, द्वितीय स्थान कोलाहल बैंड, कृषि महाविद्यालय तथा तृतीय स्थान बंदिश बैंड, प्रौद्योगिकी महाविद्यालय ने प्राप्त किया। काव्य संध्या में प्रथम स्थान काव्या जोशी, द्वितीय स्थान संयुक्त रूप से चितवन पांडे, आस्था चनौतिया एवं वंदना गहतोरी तथा तृतीय स्थान वैभव चौधरी ने प्राप्त किया। ओपन माइक प्रतियोगिता में हिंदी वर्ग में प्रथम स्थान पलक जोशी, द्वितीय स्थान दीपांशी मेहर तथा तृतीय स्थान आर्यन भट्ट ने प्राप्त किया। अंतर-महाविद्यालय सांस्कृतिक संध्या में प्रथम स्थान कृषि महाविद्यालय, द्वितीय स्थान प्रौद्योगिकी महाविद्यालय तथा तृतीय स्थान पशु चिकित्सा एवं पशुपालन विज्ञान महाविद्यालय ने प्राप्त किया।हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा में आयोजित अंतर-महाविद्यालय वाद-विवाद प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान संयुक्त रूप से सौरभ सिंह नेगी एवं अंशु पांडे, द्वितीय स्थान समीर उल हक तथा तृतीय स्थान स्नेहा ने प्राप्त किया। हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अदिप कुमार शुक्ला, द्वितीय स्थान संयुक्त रूप से निहारिका मिश्रा एवं शगुन बोहरा तथा तृतीय स्थान भूमिका भट्ट ने प्राप्त किया। प्रतियोगिता की अंग्रेजी वर्ग की चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रौद्योगिकी महाविद्यालय तथा हिंदी वर्ग की चैम्पियनशिप ट्रॉफी कृषि महाविद्यालय को प्रदान की गई। इस अवसर पर कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप को उनके कार्यकाल के लगभग 200 दिनों के भीतर प्रतिष्ठित ‘वाइस चांसलर ऑफ द ईयर’ पुरस्कार से सम्मानित होने पर विश्वविद्यालय परिवार की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय साहित्यिक सोसायटी के स्टाफ काउंसलर डा. अमित केसरवानी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कुलपति, पूर्व कुलपति, कुलसचिव, अधिष्ठाता छात्र कल्याण सभी अधिष्ठाताओं, निदेशकों, शिक्षकों, आयोजन समितियों, स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन विश्वविद्यालय की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने और भविष्य की चुनौतियों के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।

locnirnay@gmail.com

About Author

You may also like

शोध/आविष्कार

फलों की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए प्रतिबंधित पॉलीथिन को बाय बाय करेगा नेचुरल फाइबर बैग

लोक निर्णय, पंतनगर: फलों की गुणवत्ता के साथ उत्पादन बढ़ाया जाए, जिससे किसानों को उनके उत्पाद की बेहतर कीमत मिल
शिक्षा

तीन भाषाओं में पढ़ाने पर शिक्षिका मंजू बाला को मिलेगा पुरस्कार

लोक निर्णय,रुद्रपुर: कहते है कि यदि कुछ करने का जज्बा हो तो हर मंजिल खुद कदम चूमती है।इसी जज्बे और