गौड़ी नदी के पुनर्जीवन की कवायद तेज, जल संरक्षण के गुर सीखने मेघालय रवाना हुआ चंपावत का अध्ययन दल
चम्पावत। (लोक निर्णय) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में राज्य में पारंपरिक जल स्रोतों और नदियों के संरक्षण के लिए संचालित ‘सारा’ (SARRA – Spring and River Rejuvenation Authority) अभियान के अंतर्गत चंपावत में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जनपद में ‘एक जनपद, एक नदी’ योजना के तहत चयनित गौड़ी नदी के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से नदी परिक्षेत्र में कार्य कर रहे विभिन्न कार्यदायी विभागों के अधिकारियों तथा संबंधित ग्रामों की ‘धारा-नौला संरक्षण समिति’ के सदस्यों का एक संयुक्त अध्ययन दल (स्टडी टूर) मेघालय के लिए रवाना हुआ है।ZIG संस्था के सहयोग से आयोजित इस अध्ययन भ्रमण के दौरान दल द्वारा मेघालय बेसिन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MBDA) के अंतर्गत संचालित ‘रिचार्ज शेड प्रबंधन’ (Recharge Shed Management) और प्राकृतिक जल स्रोतों के संवर्धन से जुड़े सफल मॉडलों का बारीकी से अध्ययन किया जाएगा। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य मेघालय में अपनाई जा रही वैज्ञानिक एवं सामुदायिक जल संरक्षण तकनीकों को समझना है, ताकि उन्हें गौड़ी नदी के कैचमेंट क्षेत्र में लागू कर नदी को पुनर्जीवित किया जा सके। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अध्ययन दल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनपद के पारंपरिक नौलों, धारों और नदियों का संरक्षण शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मेघालय में जल संचय और रिचार्ज शेड प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हुए हैं, जिनका व्यावहारिक अनुभव जनपद के अधिकारियों और ग्रामीण समितियों के सदस्यों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।जिलाधिकारी ने अपेक्षा व्यक्त की कि दल मेघालय से सीखी गई आधुनिक एवं व्यवहारिक तकनीकों को जनपद में आकर धरातल पर उतारेगा, जिससे गौड़ी नदी के पुनर्जीवन के साथ-साथ क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई की उपलब्धता को भी दीर्घकालिक मजबूती मिलेगी।





