रुद्रपुर हत्याकांड का मुख्य आरोपित पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार,दो अन्य आरोपित पकड़े
रुद्रपुर।( लोक निर्णय) वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के सख्त निर्देशों एवं अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस ने जगतपुरा हत्याकांड में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के मात्र 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपित विकास कुमार को थाना पुलभट्टा क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा अब तक मामले में कुल 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 13 अक्टूबर की सुबह प्रातः जगतपुरा, ट्रांजिट कैम्प, रुद्रपुर स्थित प्रजापति टेलीकॉम एवं राज टेलीकॉम के संचालकों के मध्य विवाद एवं मारपीट हुई थी। उक्त विवाद के क्रम में जिला चिकित्सालय रुद्रपुर परिसर में दोनों पक्षों के मध्य पुनः मारपीट हुई। इस दौरान नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर नुकीली वस्तु से प्रहार किए जाने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। वादी दिनेश जौहरी की तहरीर के आधार पर कोतवाली पंतनगर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी पंजीकृत कर ली।पुलिस द्वारा तत्काल घटनास्थल को सुरक्षित कर RFSL एवं फील्ड यूनिट से वैज्ञानिक निरीक्षण कराया गया। घटनास्थल से आवश्यक प्रदर्श संकलित किए गए। साथ ही सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए गए। मृतक के शव का नियमानुसार पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले अभियुक्त आकाश कुमार एवं विनोद कुमार को गिरफ्तार किया। वहीं मुख्य आरोपित विकास कुमार को थाना पुलभट्टा क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपित विकास कुमार पुत्र विनोद कुमार, निवासी जगतपुरा, ट्रांजिट कैम्प, रुद्रपुर,आकाश कुमार पुत्र विनोद कुमार, निवासी जगतपुरा, ट्रांजिट कैम्प, रुद्रपुर और विनोद कुमार पुत्र स्व0 रामावतार, निवासी जगतपुरा, ट्रांजिट कैम्प, रुद्रपुर हुए।एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में घटना में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों का गठन किया गया है। थाना पुलभट्टा, दिनेशपुर एवं एसओजी रुद्रपुर की टीमें लगातार दबिश एवं आवश्यक कार्रवाई में जुटी हैं।





