पंत विवि में 179 पदों पर भर्ती को हरी झंडी, दूसरे चरण में भरेंगे शेष पद
पंतनगर। (लोक निर्णय) गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में असिस्टेंट और एसोसिएट प्रोफेसर के 179 पदों पर भर्ती के लिए शासन से मंजूरी मिली। जबकि शेष 81 पदों पर नियुक्तियां दूसरे चरण में प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद की जाएंगी। सहायक और एसोसिएट प्रोफेसर पदों पर नियुक्ति की अनुमति पर आवेदन करने के इंतजार के बैठे शिक्षक सक्रिय हो गए। आज यानी गुरुवार को
कृषि एवं कृषक कल्याण अनुभाग-2 की ओर से आदेश जारी हुआ है।जिसमें जिक्र है कि पंत विवि के कुल 260 पदों को दो चरणों में भरा जाएगा। पहले चरण में 80 असिस्टेंट प्रोफेसर और 99 एसोसिएट प्रोफेसर सहित कुल 179 पदों पर भर्ती होगी।शासन ने भर्ती प्रक्रिया के लिए कई महत्वपूर्ण शर्तें भी निर्धारित की हैं। सभी पदों का पुनः विज्ञापन जारी किया जाएगा और वर्तमान शासनादेशों के अनुरूप आरक्षण रोस्टर का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
इसके साथ ही स्पष्ट किया गया है कि कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), सीवीके तथा अन्य केंद्र पोषित परियोजनाओं के पद सामान्य भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं किए जाएंगे। यदि ऐसे पद होंगे तो उनका अलग से विज्ञापन संबंधित वित्तपोषण एजेंसी की शर्तों के अनुरूप जारी किया जाएगा।
शासन ने यह भी निर्देश दिया है कि स्व-वित्तपोषित कृषि व्यवसाय प्रबंधन महाविद्यालय के पदों पर नियुक्त कर्मचारियों का वेतन महाविद्यालय की स्वयं अर्जित आय से ही दिया जाएगा। वहीं, परियोजनाओं या केवीके में कार्यरत कार्मिक यदि इन पदों पर चयनित होते हैं तो उनकी पूर्व सेवाओं को किसी भी सेवा लाभ के लिए नहीं जोड़ा जाएगा।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रथम चरण की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही शेष 81 पदों पर नियुक्ति के लिए दूसरे चरण का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। यह निर्णय वित्त विभाग की सहमति के बाद जारी किया गया है। बता दें कि कुछ माह पहले इन पदों पर भर्ती की अनुमति विवि की ओर से शासन से मांगी गई थी,लेकिन कुछ तकनीकी की वजह से अनुमति नहीं मिल पाएगी। अब अनुमति मिलने से आवेदन भरने की उम्मीद लगाए बैठे लोगों के चेहरे पर खुशी दिखी।





