हुनर का जलवा: विद्यार्थियों के डिज़ाइन किए परिधानों ने रैंप पर बिखेरी चमक
पंतनगर। (लोक निर्णय)सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय के परिधान एवं वस्त्र विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को अवसर प्रदान करने हेतु दो-दिवसीय प्रदर्शनी आज से शुरू हो गई। चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थी रेडी प्रोग्राम के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न हस्तनिर्मित एवं डिज़ाइनर उत्पाद प्रदर्शित किए गए। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में उद्यमिता विकास को बढ़ावा देना था ।प्रदर्शनी का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति डा. शिवेंद्र कुमार कश्यप तथा विश्वविद्यालय की प्रथम महिला रेनू कश्यप ने किया। सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय की अधिष्ठात्री डा. अलका गोयल एवं अन्य महाविद्यालयों के अधिष्ठाता व निदेशक भी उपस्थित थे। साथ ही विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं शिक्षक भी उपस्थित थे ।प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा डिज़ाइन व तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पाद एवं हाथ से सिले गए डिज़ाइनर परिधान आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अतिरिक्त सुंदर कलाकृति वाले रंगाई व छपाई, पैच वर्क, एप्लिक, क्विल्टिंग तथा क्रोशिए से निर्मित विविध कलात्मक वस्तुओं का भी प्रदर्शन किया गया। तैयार किए गए परिधानों को रैंप पर चलकर भी प्रदर्शित किया गया। यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों की सृजनात्मकता, कौशल एवं नवाचार को दर्शाने का उत्कृष्ट मंच बनी।कुलपति द्वारा विद्यार्थियों द्वारा थीम आधारित लगाए गए विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन किया गया। कुलपति ने छात्र एवं छात्राओं की कोशिशों को सराहा और कहा कि यह सिर्फ़ कपड़े चुनने और सिलाई पर आधारित प्रदर्शनी नहीं है, बल्कि यह युवाओं का विज़न है जिसने थीम आधारित प्रदर्शनी को इतना जानदार एवं रोचक बना दिया है। विभिन्न रंगों के समावेश से सभी तैयार किये गये परिधान एवं अन्य सामग्री को तैयार करने में इनकी गहरी सोच रही है। उन्होंने विद्यार्थियों और उनके मेंटर्स को भी इस अनूठे प्रयास के लिए हार्दिक बधाई दी। प्रदर्शनी का सफल आयोजन पाठ्यक्रम प्रशिक्षकों डा. अनीता रानी, डा. शेफ़ाली मेसी एवं विभागाध्यक्ष डा. मनीषा गहलौत के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में किया गया।प्रदर्शनी में उपस्थित सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आगंतुकों ने छात्र-छात्राओं के रचनात्मक कार्यों की भूरि-भूरि सराहना की।




