पंडित पंत का जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोतः विकास शर्मा
रुद्रपुर।( ओके निर्णय)खेड़ा स्थित आशुतोष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर विकास शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया।विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। महापौर विकास शर्मा ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वह महान स्वतंत्रता सेनानी, कुशल प्रशासक और दूरदर्शी राजनेता थे। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ ही स्वतंत्र भारत के निर्माण में भी उल्लेखनीय योगदान दिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने जमींदारी प्रथा समाप्त करने और सामाजिक एवं आर्थिक सुधारों की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए।महापौर ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत का जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपने जीवन में राष्ट्रहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी और समाज तथा देश के विकास के लिए निरंतर कार्य किया। विद्यार्थियों को उनके जीवन संघर्ष, देशभक्ति और जनसेवा से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुषों की जयंती मनाने का उद्देश्य केवल उन्हें याद करना नहीं, बल्कि उनके आदर्शों और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है।इस दौरान दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता जी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश सिंह, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल मौर्य, एनएस बिष्ट जी, पार्षद पवन राणा, बीनू आदि उपस्थित थे।





