टाइफाइड के खिलाफ पंत विवि के वैज्ञानिकों ने खोजी नई राह, नैनोवैक्सीन का हुआ पेटेंट
पंतनगर । (लोक निर्णय) टाइफाइड जैसी गंभीर संक्रामक बीमारी के खिलाफ वैक्सीन विकसित करने की दिशा में हरित क्रांति की जन्म स्थली गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के पूर्व युवा वैज्ञानिक डॉ. यशपाल सिंह डसीला की कैल्शियम फॉस्फेट नैनोपार्टिकल्स आधारित सबयूनिट नैनोवैक्सीन को भारतीय पेटेंट कार्यालय से राष्ट्रीय पेटेंट की मंजूरी मिली है। यह शोध साल्मोनेला टाइफी बैक्टीरिया के विरुद्ध वैक्सीन विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। साथ ही विवि के शिक्षकों और कर्मचारियों ने इस उपलब्धि की सराहना की।यह पेटेंट डॉ. यशपाल सिंह डसीला द्वारा अपनी पीएच.डी. उपाधि के दौरान किए गए शोध का परिणाम है। उन्होंने यह शोध विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक प्रोफेसर ममतेश कुमार सक्सेना के कुशल मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में पूर्ण किया।
इस सफलता में विश्वविद्यालय के कई प्रमुख एवं विशिष्ट प्राध्यापकों और वैज्ञानिकों का सक्रिय योगदान रहा। इनमे डॉ. अंजनी सक्सेना, डॉ. जी.के. सिंह, डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, डॉ. मीना मृगेश, डॉ. एस.पी. सिंह, डॉ. अवधेश कुमार, डॉ. मंजुल कंडपाल, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. ए.के उपाध्याय, डॉ. अमित कुमार सहित पूरी शोध टीम शामिल रही, जिनके सामूहिक परिश्रम, धैर्य और निष्ठा से यह नवीन टीका पेटेंट के रूप में साकार हो सका। इस उपलब्धि पर पंत विवि के कुलपति प्रो. शिवेन्द्र कुमार कश्यप, अधिष्ठाता, पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, डॉ. डी. कुमार, निदेशक शोध डॉ. एस.के.वर्मा एवं विश्वविद्यालय परिवार ने डॉ. यशपाल सिंह डसीला, प्रोफेसर एम.के. सक्सेना एवं समस्त टीम को हार्दिक शुभकामनाएं दीं एवं इस उपलब्धि को शोध, नवाचार और राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में एक बड़ी सफलता बताया है। कुलपति प्रोफेसर कश्यप ने कहा कि यह पेटेंट पंतनगर विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है और इससे भविष्य में युवा शोधकर्ताओं को नई प्रेरणा मिलेगी। यह उल्लेखनीय है कि डॉ. डसीला वर्ष 2020 से 2023 तक पंतनगर विश्वविद्यालय में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) द्वारा वित्तपोषित परियोजना में प्रधान अन्वेषक / युवा वैज्ञानिक के रूप में कार्य कर चुके हैं। यह परियोजना प्रोफेसर एम.के. सक्सेना के मार्गदर्शन में संचालित हुई, जिसमें उन्होंने कुक्कुट साल्मोनेलोसिस रोग के लिए ओरल वैक्सीन विकसित की। इस शोध का पेटेंट भी दाखिल होने के बाद विचाराधीन है।





