मेडिकल स्टोरों पर पड़ा छापा, दो प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबन की संस्तुति
चंपावत । (लोक निर्णय)जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज चम्पावत तहसील के अमोड़ी क्षेत्र में प्रशासन द्वारा एक विशेष अभियान चलाया गया।सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्पावत भवदीप रावते के नेतृत्व में औषधि नियंत्रण विभाग, विधिक सेवा प्राधिकरण तथा पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने ‘सुरक्षित दवा सुरक्षित जीवन’ अभियान के अंतर्गत क्षेत्र के विभिन्न मेडिकल प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण की प्रभावी कार्रवाई की। संयुक्त टीम ने कुल तीन मेडिकल प्रतिष्ठानों की गहन जांच की। सचिव ने मेडिकल स्वामियों को औषधियों के सही रखरखाव व भंडारण, एक्सपायर्ड दवाओं को मुख्य स्टॉक से अलग रखने तथा उनका उचित निस्तारण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। दो मेडिकल प्रतिष्ठानों पर गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए औषधि निरीक्षक हर्षिता द्वारा दोनों मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की गई। इसके साथ ही जनस्वास्थ्य को सर्वोपरि रखते हुए इन फार्मों से होने वाले दैनिक क्रय-विक्रय पर भी तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई।अभियान के दौरान औषधि निरीक्षक ने सभी मेडिकल स्वामियों को लाइसेंस की शर्तों का शत-प्रतिशत अनुपालन करने के सख्त निर्देश दिए।साथ ही प्रतिष्ठान स्वामियों को यह भी स्पष्ट किया गया कि बिना डॉक्टर के परामर्श के मरीजों को एंटीबायोटिक्स दवाएं कतई न दी जाएं।इस निरीक्षण अभियान दल में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भवदीप रावते, औषधि निरीक्षक हर्षिता, पुलिस प्रशासन से कांस्टेबल कुलदीप कुमार व कमल नाथ गोस्वामी तथा विधिक सेवा प्राधिकरण से रमेश चन्द्र गौतम एवं सुनील खर्कवाल प्रमुख रूप से शामिल रहे।



