स्कूल अवकाश आदेश से छेड़छाड़ कर फैलाई गई फर्जी छुट्टी की सूचना, अज्ञात लोगों पर कार्रवाई के निर्देश
रुद्रपुर।(लोक निर्णय)भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के मौसम पूर्वानुमान के आधार पर जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा 20 जुलाई को जनपद के सभी राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों (नर्सरी से कक्षा 12 तक) में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया था।अब इस आदेश में कथित रूप से अनधिकृत परिवर्तन (टैम्परिंग) कर 21 जुलाई को भी अवकाश घोषित किए जाने संबंधी फर्जी आदेश इंटरनेट मीडिया और अन्य माध्यमों से प्रसारित किया गया। इस संबंध में बेसिक शिक्षा अधिकारी, ऊधम सिंह नगर की ओर से अवगत कराए जाने के बाद मामला सामने आया।फर्जी आदेश के वायरल होने से आमजन में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर मामले की जांच कर भ्रामक सूचना प्रसारित करने वाले अज्ञात व्यक्तियों की पहचान करने और उनके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल अधिकृत आदेशों को ही सही माना जाए और सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न किया जाए।




