पंतनगर में अभिनेता शोभिनव ने कुलपति डॉ. शिवेन्द्र से ली जड़ी बूटियों की जानकारी
पंतनगर। (लोक निर्णय)120वें अखिल भारतीय किसान मेले एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी के मौके पर हनुमान अंश फिल्म के अभिनेता शोभिनव सत्य ने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप से रविवार को कुलपति आवास पर शिष्टाचार भेंट की। कृषि, युवा शक्ति और ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बातचीत में कृषि क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता पैदा करने तथा कृषि एवं तकनीक के माध्यम से ग्रामीण विकास को गति देने जैसे विषय प्रमुख रहे।
कुलपति ने कहा कि किसान मेला किसानों, वैज्ञानिकों, कृषि विशेषज्ञों, उद्यमियों और युवाओं को एक साझा मंच उपलब्ध कराता है। ऐसे आयोजन कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों और नई संभावनाओं को व्यापक समाज तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अभिनेता शोभिनव सत्य ने कृषि एवं ग्रामीण जीवन से जुड़े विषयों को रचनात्मक माध्यमों के जरिए आम लोगों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि फिल्म और अन्य संचार माध्यम युवाओं एवं समाज में जागरूकता पैदा करने के प्रभावी साधन बन सकते हैं।
इस अवसर पर कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप की धर्मपत्नी रेनू कश्यप भी उपस्थित रहीं। उन्होंने अभिनेता शोभिनव सत्य से शिष्टाचार भेंट की और चर्चा में सहभागिता की।





