चार्विक ने घूंसे_ किक से जीता ब्रॉन्ज मेडल
रुद्रपुर। (लोक निर्णय)मार्शल आर्ट राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 20 किलोग्राम वजन वर्ग में आठ वर्षीय चार्विक चौहान ने ब्रॉन्ज मेडल जीत कर न केवल स्कूल का नाम रोशन किया,बल्कि परिजनों का भी गौरव बढ़ाया।घूंसे-किक के दम पर खिलाड़ियों ने जज्बा दिखाया तो दर्शकों ने दांतों तले अंगुली दबा ली। प्रतियोगिता में गूंजा जीत का जुनून देखने को मिला। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने दमखम दिखाते हुए कड़े मुकाबले खेले। खिलाड़ियों की फुर्ती, अनुशासन और आत्मविश्वास ने माहौल को रोमांचक बना दिया।विविनाम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के तत्वावधान में आज मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम रुद्रपुर स्थित शिवालिक हाल में आयोजित विविनाम मार्शल आर्ट राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। एसोसिएशन के अध्यक्ष ऋषि पाल भारती ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों से लगभग 250 खिलाड़ी, कोच एवं रेफरी ने हिस्सा लिया। सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ी अपने कौशल का प्रदर्शन किया। इसी प्रतियोगिता से आगामी राष्ट्रीय विविनाम चैंपियनशिप के लिए उत्तराखंड राज्य टीम का चयन भी किया जाएगा।बताया कि प्रदेश के विविनाम खिलाड़ी पिछले कई वर्षों से राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे है और इस बार भी खिलाड़ी प्रदेश का मान बढ़ाएंगे।




