रुद्रपुर विधानसभा फतह के लिए सपा ने कसी कमर
रुद्रपुर। (लोक निर्णय) आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यालय, रुद्रपुर में आज हुई बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन विस्तार और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने की रूपरेखा तय की गई। समाजवादी यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद यादव ने रूद्रपुर विधानसभा को 7 जोन और 35 सेक्टरों में विभाजित करने की घोषणा करते हुए जोन प्रभारियों की जिम्मेदारी सौंपी।उन्होंने बताया कि संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने के लिए जल्द ही सभी बूथ प्रभारियों की घोषणा भी की जाएगी। बैठक में राम सिंह सागर, मजहर रिजवी, विनोद गौड़, तेजपाल यादव, जितेन्द्र यादव, पूर्व पार्षद नित्यानंद अग्रवाल और इमरान अंसारी को जोन प्रभारी नियुक्त किया गया। अरविंद यादव ने प्रदेश सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और बेटियां कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने किच्छा में 13 वर्षीय बालिका के साथ हुई घटना और अंकिता भंडारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि पीड़ितों को अब तक न्याय नहीं मिल सका है।स्थानीय मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने रूद्रपुर में जलभराव की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि हल्की बारिश में ही पूरा शहर टापू बन जाता है, लेकिन जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय श्रेय लेने की राजनीति में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि सड़कों और चौराहों के नाम बदलने से विकास नहीं होगा, बल्कि शहर की मूल समस्याओं का समाधान करना होगा।अरविंद यादव ने कहा कि भाजपा के जनप्रतिनिधियों को आपसी खींचतान छोड़कर जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि जनता आगामी चुनाव में इस जनविरोधी रवैये का जवाब देगी।
बैठक में नवनियुक्त जोन प्रभारियों सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने आगामी विधानसभा चुनाव में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पार्टी को विजय दिलाने का संकल्प लिया।





