महिला विज्ञान प्रयोगधर्मी मोनिका को डीएम ने किया सम्मानित
चंपावत।जनपद की पूर्व उप ज्येष्ठ प्रमुख मोनिका बोहरा को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों तथा समाज के प्रति उनके योगदान के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सम्मानित किया गया। मोनिका बोहरा को हाल ही में उत्तराखंड काउंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी (UCOST) द्वारा प्रतिष्ठित ‘महिला विज्ञान प्रयोगधर्मी 2026’ सम्मान से नवाजा गया है। विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में उनके विशिष्ट कार्यों को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया है।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मोनिका जैसी कर्मठ और प्रतिभाशाली महिलाएं पूरे जनपद एवं प्रदेश के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।महिलाओं के सशक्तिकरण और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए उनके प्रयास सराहनीय हैं।
बोहरा पारंपरिक लोक संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके द्वारा जनपद में ‘ऐपण’ (पारंपरिक कुमाऊँनी लोक कला) के संरक्षण और संवर्धन के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। वे स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को जोड़कर उन्हें ऐपण कला का प्रशिक्षण प्रदान कर रही हैं।उनके इन प्रयासों से अनेक महिलाएं पारंपरिक कला को आधुनिक स्वरूप देकर स्वरोजगार से जुड़ रही हैं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।





