महिला पुलिस कर्मियों ने बहनों के साथ रक्षाबंधन मना सुरक्षा, सम्मान एवं विश्वास का दिया संदेश
रुद्रपुर। (लोक निर्णय) रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति ने महिलाओं की सुरक्षा हेतु विशेष पहल की। जिससे जिले में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष पुलिस व्यवस्था की गई। महिला चीता पुलिस कर्मियों को बाजारों, प्रमुख स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार भ्रमण एवं निगरानी के लिए तैनात किया गया।महिला चीता पुलिस कर्मियों ने लगातार भ्रमण करते हुए महिलाओं एवं बहनों की सुरक्षा सुनिश्चित की तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों एवं अराजक तत्वों पर सतर्क नजर बनाए रखी। महिला पुलिस कर्मियों ने महिलाओं एवं बहनों के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाया। बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए महिला पुलिस कर्मियों ने उन्हें सुरक्षा, सम्मान एवं विश्वास का संदेश दिया।इस विशेष पहल के माध्यम से पुलिस एवं आमजन के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करने के साथ ही महिलाओं को यह भरोसा दिलाया गया कि उनकी सुरक्षा एवं सम्मान के लिए जनपद पुलिस सदैव तत्पर है।





