पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस ने काला झंडा लेकर प्रदर्शन
रुद्रपुर। (लोक निर्णय)नीट परीक्षा में हुई धांधली और पेपर लीक के विरोध में आज कांग्रेस पार्टी के पार्षदों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आज भगत सिंह चौक पर 80 फीट लंबा काला झंडा लेकर प्रदर्शन किया व केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तत्काल इस्तीफे की मांग क़ी । प्रदर्शन स्थल पर “युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो” तथा “पेपर लीक कराने वालों को सजा दो” जैसे नारे गूंजते रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक होना देश की शिक्षा व्यवस्था पर सबसे बड़ा कलंक है। लाखों विद्यार्थी दिन-रात 15 से 20 घंटे तक कठिन मेहनत करके डॉक्टर बनने का सपना देखते हैं, जबकि उनके माता-पिता अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज लेकर, अपनी जमा पूंजी खर्च करके और तमाम आर्थिक कठिनाइयों का सामना करके उन्हें कोचिंग व पढ़ाई करवाते हैं। लेकिन जब परीक्षा का पेपर ही लीक हो जाता है तो लाखों मेहनती बच्चों के सपने एक झटके में टूट जाते हैं। आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। लगातार हो रहे पेपर लीक यह दर्शाते हैं कि देश की परीक्षा प्रणाली भ्रष्टाचार और लापरवाही की गिरफ्त में है। नेताओं ने कहा कि यह केवल एक परीक्षा का मामला नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य और उनके माता-पिता के संघर्ष का सवाल है।प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, पेपर लीक माफियाओं पर कठोर कार्रवाई की जाए तथा नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री तत्काल इस्तीफा दें। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में वरिष्ठ कांग्रेस नेता व व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, मोहनखेड़ा, पार्षद सौरव राज बेहड़, पार्षद परवेज कुरैशी, मोनिका ढाली,परिमल राय, राजेंद्र मिश्रा, बाबू खान,पार्षद सौरभ शर्मा,विक्की विर्क, पार्षद गौरव खुराना पार्षद जितेश शर्मा, तरुण नेगी, सेवाराम दिवाकर, कुंवर पाल कोली, निशांत शाही, राकेश कोली, रणजीत तिवारी, सतनाम सिंह, सोहेल खान,विजय पुजारा, पार्षद इंद्रजीत सिंह, जगदीश कर्मकार, अनंत बिश्नोई, फैजल खान, सोनू चौहान,हरीश कुमार, सुरेंद्र सिंह, पार्षद शुभम दास, चेतन भट्ट, पार्षद अशफाक अली, पार्षद गौरव गिरी, मोहन कुमार आदि मौजूद थे।





