पंतनगर किसान मेले की तैयारियों का कुलपति ने लिया जायजा
पंतनगर। (लोक निर्णय) गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में 3 से 6 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले 120वें अखिल भारतीय किसान मेले एवं उद्योग प्रदर्शनी की तैयारियों का कुलपति डा. एसके कश्यप ने मंगलवार को स्थलीय जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध एवं व्यवस्थित रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।कुलपति ने प्रदर्शनी परिसर, स्टॉल, किसानों एवं आगंतुकों की सुविधाओं, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से मेले के दौरान बढ़ने वाले यातायात को देखते हुए बाहरी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि किसान मेले का उद्घाटन 3 अक्टूबर को राज्यपाल, उत्तराखण्ड लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह करेंगे। चार अक्टूबर को पतंजलि, हरिद्वार के आचार्य बालकृष्ण मेले में हिस्सा लेंगे। कुलपति ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले किसानों, कृषि विशेषज्ञों, उद्यमियों एवं आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जाए। इस वर्ष किसान मेले की थीम ‘स्मार्ट खेती, स्वस्थ धरती, समृद्ध किसान’ रखी गई है।




