एकल श्रीहरि मंदिर रथ योजना के केंद्रीय नैपुण्य वर्ग का शुभारंभ, संस्कृति-संस्कार से जुड़ेंगे वनवासी गांव
रुद्रपुर।(लोक निर्णय)एकल अभियान के अंतर्गत एकल श्रीहरि मंदिर रथ योजना के दो दिवसीय केंद्रीय नैपुण्य वर्ग का शुभारंभ आज रेणुका पब्लिक स्कूल, डिब्डिबा (रुद्रपुर) में मां भारती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विजय भूषण गर्ग, वर्ग संयोजक भारत भूषण चुघ, केंद्रीय सह अभियान प्रमुख दीप कुमार, विभाग प्रचारक नरेंद्र तथा रथ योजना प्रभारी डॉ. सारोत्ताम शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। प्रभाग-5 के रथ योजना प्रभारी झम्मन लाल शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।मुख्य वक्ता केंद्रीय सह अभियान प्रमुख दीप कुमार ने बताया कि एकल श्रीहरि मंदिर रथ योजना, एकल श्रीहरि वनवासी विकास ट्रस्ट की एक अनूठी पहल है। इसके तहत मिनी ट्रकों को चलता-फिरता मंदिर बनाकर दूरस्थ वनवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भेजा जाता है, जहां धार्मिक, सांस्कृतिक और संस्कार आधारित गतिविधियों के माध्यम से लोगों को भारतीय संस्कृति से जोड़ा जाता है। जिन गांवों में मंदिर नहीं हैं, वहां रथ के माध्यम से पूजा-अर्चना कराई जाती है तथा शाम के समय रामायण, महाभारत एवं प्रेरणादायक फिल्मों का प्रदर्शन किया जाता है। साथ ही सत्संग एवं जनजागरण के जरिए छुआछूत, अंधविश्वास और व्यसन जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन का भी प्रयास किया जाता है।मुख्य अतिथि विजय भूषण गर्ग ने एकल अभियान के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। विभाग प्रचारक नरेंद्र ने ‘पंच परिवर्तन’ विषय पर मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत भूषण चुघ ने की तथा अंत में सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। मंच संचालन प्रभाग-5 की उपाध्यक्ष शैली बंसल ने किया।इस अवसर पर रथ निर्माण प्रभारी प्रवीण प्रजापति, पी-4 रथ प्रभारी प्रमोद अग्निहोत्री, उत्सव विभाग के केंद्रीय प्रमुख ढाल सिंह, केंद्रीय सह प्रमुख विशाल, प्रभाग प्रमुख ओम प्रकाश, सुरेंद्र, गोरेंद्र मधुकर चतुर्वेदी, दिनेश कपूर, अंजुल त्यागी, विकास शर्मा, बलदेव राज छाबड़ा, दिनेश कालरा, प्रमोद विष्ट, नीलकंठ राणा, समीर उपाध्याय, अरविंद कन्नौजिया, ममता कोरंगा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।





