विद्यार्थियों के बताए गए करियर के तरीके
पंतनगर।(लोक निर्णय)गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय में “स्टूडेंट्स रेडी कार्यक्रम” के अंतर्गत विद्यार्थियों हेतु मॉड्यूल चयन संबंधी परामर्श कार्यक्रम हुआ। डॉ.छाया शुक्ला, एसोसिएट प्रोफेसर, संसाधन प्रबंधन एवं उपभोक्ता विज्ञान विभाग द्वारा यह कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, विभिन्न विभागों तथा रोजगार के अवसरों के संबंध में जानकारी प्रदान करना था।जिससे वे अपनी रुचि, योग्यता एवं भविष्य की संभावनाओं के अनुसार सही मॉड्यूल का चयन कर सकें। कार्यक्रम में सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. अल्का गोयल ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के विभिन्न अवसरों एवं उसके महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने कौशल विकास एवं करियर निर्माण के लिए उचित दिशा में आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया। इस परामर्श कार्यक्रम में सभी विभागों के विभागाध्यक्ष, डॉ. मनीषा गहलोत, डॉ. अदिति वत्स , डॉ.सीमा क्वात्रा , डॉ. अर्चना कुशवाहा एवं डॉ. पूजा टम्टा ने अपने-अपने विभागों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को संबंधित क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार अवसरों एवं करियर संभावनाओं के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा विशेषज्ञों से अपने प्रश्नों के उत्तर प्राप्त किए। अंत में विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता एवं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मॉड्यूल चयन करने के लिए प्रेरित किया गया।





