छह साल से अधूरा नया बस अड्डा, पुराने अड्डे पर गंदगी से यात्री बेहाल
आकृति राय
किच्छा।(लोक निर्णय)किच्छा का पुराना बस अड्डा इन दिनों बदहाली और अव्यवस्था का शिकार बना हुआ है। बस अड्डे पर फैली गंदगी, खुले में शौच और अवैध पार्किंग की समस्या से यात्रियों को रोजाना भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। सुबह के समय यहां गंदगी के ढेर और दुर्गंध के कारण माहौल खराब हो जाता है। जिससे यात्रियों के साथ आसपास के दुकानदार भी परेशान हैं। शिकायत के बावजूद परिवहन निगम प्रशासन पर कोई फर्क नहीं पड़ रहा है।यात्रियों का कहना है कि बस अड्डे में बाजार क्षेत्र के लोगों की गाड़ियां खड़ी रहने से अवैध पार्किंग की समस्या लगातार बढ़ रही है। इससे बसों के संचालन और यात्रियों के आने-जाने में दिक्कत होती है। कई बार जाम जैसी स्थिति भी बन जाती है।दूसरी ओर किच्छा रोडवेज के नए बस अड्डे का निर्माण पिछले छह वर्षों से चल रहा है। भवन लगभग तैयार होने के बावजूद अब तक इसका हैंडओवर नहीं हो सका है। लगातार देरी के कारण लोगों में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है।स्थानीय लोगों और यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि नए बस अड्डे को जल्द शुरू कराया जाए और पुराने बस अड्डे की सफाई व्यवस्था व पार्किंग समस्या पर तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।





