विभिन्न संगठनों का प्रदर्शन
रुद्रपुर। (,लोक निर्णय) भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी – लेनिनवादी) के बैनर तले शनिवार को अंकिता हत्याकांड के आरोपित भाजपा नेता दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाने के खिलाफ आंबेडकर पार्क में विभिन्न संगठनों ने धरना प्रदर्शन किया और जुलूस निकालकर भगत सिंह चौक पर अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा कि बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा के जिस वीआईपी नेता पर यह आरोप है कि उस नेता की हवस पूरी करने के लिए अंकिता भंडारी से स्पेशल सर्विस देने के लिए दवाब डाला गया और अंकिता के द्वारा मना करने पर उसकी हत्या कर दी गई, उसी वीआईपी को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त कर दिया गया। इससे इस बात की संभावना और बढ़ गई है कि संवैधानिक और शक्तिशाली पद पर बैठकर वह अन्य महिलाओं का भी शोषण करेगा। इससे भी ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि अंकिता के मां बाप इस बात से नाराज होकर जब दिल्ली में धरने पर बैठे तो सुबह 4 बजे उनको गिरफ्तार कर लिया गया। इस देश में भाजपा ने जर्मनी के हिटलर और इटली के मुसोलिनी के रास्ते पर चलकर ऐसी फासीवादी तानाशाही लाद दी है जिसमें न्याय मांगने वालों को जेल और अपराधियों को संवैधानिक पदों पर सुशोभित किया जा रहा है। सीजेपी के नेताओं को जन्तर मंतर पहुंचकर तिरंगा फहराने के आरोप में जेल भेज दिया गया, अंकिता के परिजनों को दिल्ली सेंट्रल पार्क में धरना देने पर गिरफ्तार कर लिया गया।इन सब घटनाओं से भाजपा का महिला विरोधी और फासीवादी चेहरा स्पष्ट हो जाता है। भाजपा का हमेशा से ही चरित्र रहा है कि वह अपने उन नेताओं को हमेशा आगे बढ़ाती है जिन पर यौन शोषण का आरोप लगता है। चाहे बृजभूषण द्वारा महिला पहलवानों के यौन शोषण का मामला हो, बिलकिस बानो के बलात्कारियों को फुलमाला पहनाने का मामला हो, भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर का मामला हो, आशाराम और रामरहीम का मामला हो या , कठुआ में बलात्कारियों के पक्ष में तिरंगा यात्रा निकालने का मामला हो, आई आई टी बी एच यू में छात्रा से बलात्कार करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं से 2 महीनों तक चुनाव कराने का मामला हो या फिर अंकिता हत्याकांड में नाम आने वाले भाजपा के वी आई पी नेता अजय कुमार को राजस्थान संगठन मंत्री बनाने व दुष्यंत गौतम को राज्यपाल नियुक्त करने का मामला , सभी में भाजपा अपनी महिला विरोधी छवि को और मजबूत कर रही है। जिस कारण हर छोटा अपराधी भी अपराध करने के बाद भाजपा से जुड़ा होने की धमकी पीड़ितों को देने लगता है। भाजपा द्वारा अपराधियों को लगातार बचाने, उन्हें संवैधानिक व राजनीतिक संरक्षण देने और सता के शीर्ष पर पहुंचाने के कारण समाज में महिला विरोधी संस्कृति मजबूत हो रही है और अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है। वक्ताओं ने दुष्यन्त गौतम की राज्यपाल के तौर पर नियुक्ति को तुरंत रद्द करने की मांग की है।प्रदर्शन में भाकपा(माले) जिला सचिव ललित मटियाली, एडवोकेट अमनदीप कौर, ऐक्टू जिला सचिव अनिता अन्ना, सीएसटीयू महासचिव मुकुल,आम आदमी पार्टी की महिला मोर्चा अध्यक्ष किरण पांडेय विश्वास, समाजसेवी शंकर चक्रवर्ती, धर्मेंद्र सिंह, प्रेरणा गर्ग, वंदना रावत, जयदेव बोस, प्रेम सिंह, हरेन्द्र सिंह,ज्ञानी सुरेन सिंह, सत्यवीर सिंह, माधुरी देवी आदि लोग उपस्थित थे।





