मुख्यमंत्री बोले:मातृशक्ति के सम्मान, स्वावलंबन और बेटियों के उज्ज्वल भविष्य को राज्य सरकार प्रतिबद्ध
चम्पावत।(लोक निर्णय)रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मा.मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव-2026’ में आज हिस्सा लिया। हेलीकॉप्टर से टनकपुर पहुंचने पर जिलाधिकारी मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री कार से धूरा स्थित रामलीला मैदान पहुंचकर जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत के सर्वांगीण विकास के लिए कुल ₹6296.87 लाख की 50 महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹1107.75 लाख की 20 योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹5189.12 लाख की 30 नई विकास योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इन योजनाओं से जनपद में सड़क, पेयजल, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा एवं धार्मिक पर्यटन से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बारिश के कारण मौसम खराब था, लेकिन यदि उन्हें रुद्रपुर से भी वाहन द्वारा आना पड़ता तो भी वे जरूर आते। उन्होंने कहा कि वे अपनी बहनों, माताओं, बेटियों और भांजियों के बीच अपने घर आए हैं। चम्पावत से मिलने वाला प्रेम और अपनापन उन्हें विशेष ऊर्जा देता है। मुख्यमंत्री ने कुमाऊंनी भाषा में मातृशक्ति से संवाद कर सभी का मन मोह लिया।मुख्यमंत्री ने मातृशक्ति से रक्षा सूत्र बंधवाकर सभी को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जब तक राज्य की प्रत्येक मातृशक्ति सशक्त नहीं हो जाती, तब तक वे चैन से नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि चम्पावत के विकास को नई दिशा देने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक स्वावलंबन के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। चम्पावत में बेटियों की शिक्षा एवं स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए कॉलेज हॉस्टल, आइटीआइ लैब, ₹256.97 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान तथा महिला प्रौद्योगिकी पार्क जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है, ताकि बेटियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए गांव या जनपद से बाहर न जाना पड़े।मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की घोषणा की। इनमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्थान धूरा में पेयजल योजना, धूरा से सेतीचौड़ ब्याला तक संपर्क मोटर मार्ग, ग्राम पंचायत ककनई के तोक बूंगा दुर्गापीपल तक सड़क, भागिना भंडारी में मुख्य सड़क से राजकीय इंटर कॉलेज एवं राजकीय प्राथमिक विद्यालय दयारतोली तक सीसी मार्ग व इंटरलॉकिंग टाइल्स, धन एवं बस्तियागूंठ के विभिन्न मंदिरों का सौंदर्यीकरण शामिल है।इसके साथ ही आमोड़ी, भलुवागाड़ी, डोलाकांडा, फुरकियाझाला, छतकोट, बेलखेत, खिरद्वारी , बुडम, झालाकुड़ी, नौलापानी एवं बस्तियागूंठ के मास्वाड तोक सहित विभिन्न क्षेत्रों में भूकटाव एवं बाढ़ सुरक्षा हेतु वायरक्रेट कार्य, ग्राम पंचायत पोथ के लदिया नदी में झूला पुल, दियूरी से चौड़ा तक सड़क का सुधारीकरण एवं डामरीकरण, डांडा ककनई में सिंचाई हेतु नलकूप, सुखीढांग-डांडा-मीनार मोटर मार्ग में हॉटमिक्स तथा बुडम के कठोल में झूला पुल निर्माण कार्य किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूह के स्टाल में चाख चलाया(आटा पीसने का परंपरागत उपकरण ) साथ ही बाल विकास विभाग के स्टॉल में उन्होंने छोटी बच्चियों के साथ केक काटकर ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री की ओर से उपहार भी वितरित किए गए।कार्यक्रम में राज्य मंत्री भारत सरकार अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी केएन. गोस्वामी, जिलाध्यक्ष भाजपा गोविन्द सामन्त, जिला महामंत्री भाजपा मुकेश कलखुड़िया, दायित्वधारी श्याम नारायण पाण्डेय आदि मौजूद थे।





