रक्षाबंधन पर ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव-2026’ की तैयारियां तेज,डीएम ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया
चम्पावत। (लोक निर्णय) क्षाबंधन के शुभ अवसर पर धूरा (चौड़ाकोट) में प्रस्तावित ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव-2026’ को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण बनाने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने आज कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।जिलाधिकारी ने हेलीपैड, सेफ हाउस, सुरक्षा, पार्किंग, मंच, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, शौचालय, यातायात एवं बैरिकेडिंग सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं आमजन के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में प्रवेश-निकास, पार्किंग, यातायात एवं जनसुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय एवं तत्परता के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल एवं गरिमापूर्ण बनाने में जुटें।जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने तथा सभी व्यवस्थाओं की निरंतर समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव’ मातृशक्ति के सम्मान, सहभागिता और सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण अवसर है, जिसे बेहतर व्यवस्थाओं के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।निरीक्षण के दौरान दर्जा प्राप्त मंत्री मनोज कालाकोटी, दर्जा प्राप्त मंत्री हेमा जोशी, जिलाध्यक्ष महिला युवा मोर्चा दीपा जोशी, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सुन्दर सिंह बोहरा आदि मौजूद थे।





