अपराध ऊधम सिंह नगर

पांच हजार की चोरी के शक में दोस्त बना कातिल

रुद्रपुर। (लोक निर्णय) ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान के पास मिले युवक के शव की गुत्थी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार महज पांच हजार की चोरी के शक में युवक की उसके करीबी दोस्त ने पहले शराब पिलाई, फिर ईंट और लकड़ी से हमला कर रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी। मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त रस्सी और ईंट का टुकड़ा भी बरामद कर लिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली ट्रांजिट कैम्प पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान 23 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र स्व. सुभाष चंद्र, निवासी ठाकुर नगर, ट्रांजिट कैम्प के रूप में की।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन अनिल अपने तीन साथियों के साथ आजाद नगर में शराब पी रहा था। बाद में दो साथी वहां से चले गए, जबकि उसका करीबी दोस्त सुनील कुमार उर्फ इक्का उसे शिवनगर स्थित निर्माणाधीन मकान में ले गया। वहां दोनों ने दोबारा शराब पी, जिसके बाद सुनील ने पहले लकड़ी की फट्टी और ईंट से हमला किया और फिर मौके पर पड़ी रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसे संदेह था कि अनिल ने उसके ₹5 हजार चोरी कर लिए थे। इसी रंजिश में उसने पहले से योजना बनाकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।पुलिस ने आरोपित सुनील कुमार उर्फ इक्का (24 वर्ष), निवासी शिवनगर वार्ड नंबर-2, ट्रांजिट कैम्प को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी और ईंट का टुकड़ा बरामद किया गया है। घटनास्थल से जुटाए गए रक्तरंजित नमूने और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई और विवेचना कर रही है।पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी, उपनिरीक्षक महेश काण्डपाल, अपर उपनिरीक्षक चंद्र प्रकाश बवाड़ी, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, कांस्टेबल हिमांशु कुमार एवं पीआरडी वीरू त्रिपाठी शामिल रहे।

locnirnay@gmail.com

locnirnay@gmail.com

About Author

You may also like

ऊधम सिंह नगर

यूएस नगर में शपथ नहीं ले पाए 99 ग्राम प्रधान, मायूस

लोक निर्णय,रुद्रपुर: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कड़े मुकाबले में प्रधान तो चुने गए, मगर कोरम पूरा न होने पर 99
ऊधम सिंह नगर

जिला जल एवं स्वच्छता मिशन बैठक – पेयजल के लिए 636.14 करोड़ स्वीकृत

लोक निर्णय,रुद्रपुर: पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री व सांसद अजय भट्ट ने चार सितंबर को कलक्ट्रेट के सभागार