रुद्रपुर में बनेगा ‘पूर्वांचल भवन’
रुद्रपुर।( लोक निर्णय)रुद्रपुर में पूर्वांचल समाज के लिए जल्द ही अपना स्थायी भवन होगा। पूर्वांचल समाज के प्रतिनिधिमंडल की मांग पर महापौर विकास शर्मा ने आज बड़ा ऐलान करते हुए नगर निगम की ओर से पूर्वांचल समाज के लिए कम्युनिटी हॉल (पूर्वांचल भवन) बनवाने की घोषणा की। प्रतिनिधिमंडल भवन निर्माण के लिए केवल भूमि आवंटित करने की मांग लेकर पहुंचा था, लेकिन महापौर ने भूमि के साथ-साथ नगर निगम द्वारा भवन निर्माण कराने की घोषणा कर सभी को उत्साहित कर दिया। इस घोषणा पर पूर्वांचल समाज के लोगों ने महापौर का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।नगर निगम कार्यालय पहुंचे पूर्वांचल समाज के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर को बताया कि आजादी के बाद उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत के आह्वान पर स्वतंत्रता सेनानी परिवारों समेत हजारों पूर्वांचलवासी तराई क्षेत्र को बसाने के लिए यहां आए थे। उस समय यह क्षेत्र घने जंगलों और दलदली भूमि से घिरा हुआ था। कठिन परिस्थितियों में संघर्ष करते हुए पूर्वांचल समाज के लोगों ने न केवल इस क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, बल्कि उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक, औद्योगिक और आर्थिक उन्नति में भी उल्लेखनीय योगदान दिया।प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि वर्तमान में जिले और आसपास के क्षेत्रों में पूर्वांचल समाज के हजारों परिवार निवास कर रहे हैं। समाज समय-समय पर सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक, धार्मिक तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करता है, लेकिन अपना कोई स्थायी भवन नहीं होने के कारण बैठकों, सांस्कृतिक आयोजनों, रक्तदान शिविरों, विद्यार्थियों के मार्गदर्शन कार्यक्रमों तथा अन्य सामाजिक गतिविधियों के संचालन में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी को देखते हुए नगर निगम अथवा उपलब्ध शासकीय भूमि पर पूर्वांचल समाज भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग की गई।महापौर ने कहा कि यह भवन पूर्वांचल समाज के किसी महापुरुष अथवा समाज की इच्छा के अनुरूप नाम से बनाया जाएगा। इस भवन में समाज के सांस्कृतिक, सामाजिक एवं शैक्षिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल की संस्कृति सदैव लोगों को जोड़ने का कार्य करती रही है और नगर निगम भी सभी समाजों को साथ लेकर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस दौरान पूर्वांचल समाज के अध्यक्ष जेबी सिंह, धीरेन्द्र मिश्रा, हिमांशु शुक्ला, राकेश सिंह, सर्वजीत कुमार सिंह, नंद लाल शर्मा, मोहन तिवारी, विपिन कुमार, देवेंद्र शाही निशांत शाही राजेश कुमार, दुर्गेश अभिषेक ,विशाल जयंत सिंह आदि सहित तमाम लोग मौजूद रहे।





