उत्तराखंड ऊधम सिंह नगर खेती/किसानी शिक्षा शोध/आविष्कार

क्यूएस एशिया रैंकिंग में पंत विवि का आना शैक्षणिक गुणवत्ता और अनुसंधान क्षमता का प्रमाण:राज्यपाल

पंतनगर। (लोक निर्णय)गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर का 67वां स्थापना दिवस समारोह शुरू हुआ। राज्यपाल, उत्तराखण्ड एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डा. ढाल सिंह बिसेन तथा नैनीताल लोक सभा क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट को विश्वविद्यालय के कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने विश्वविद्यालय की विभिन्न अनुसंधान इकाइयों का भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्होंने एकीकृत कृषि प्रणाली, जंगली मक्का से संकरण कर मक्का की चारे वाली संकर किस्म का विकास, मत्स्य बीज हैचरी, शैक्षिक डेयरी फार्म पर ओवम पिकअप तकनीक द्वारा विकसित बद्री गाय की बछिया तथा कुक्कुट फार्म पर उत्तरा फॉउल का अवलोकन कर विष्वविद्यालय की अनुसंधान, तकनीकी एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की और उन्होंने वैज्ञानिकों को आवश्यक सुझाव भी दिए ।गांधी मैदान में आयोजित समारोह में उत्तराखंड के महामहिम राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति ने मुख्य अतिथि, नैनीताल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विशिष्ट अतिथि, कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप, कुलसचिव डा. दीपा विनय एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण डा. विपिन सिंह ध्यानी मंचासीन रहे। समारोह में विश्वविद्यालय की गौरवशाली विरासत, कृषि शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार एवं किसानों के कल्याण में किए जा रहे योगदान को रेखांकित किया। राज्यपाल कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय ने वैज्ञानिक अनुसंधान एवं किसानों के परिश्रम के समन्वय से देश की हरित क्रांति और खाद्यान्न आत्मनिर्भरता में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने विश्वविद्यालय की क्यूएस एशिया रैंकिंग में उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं अनुसंधान क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने, कृषि उत्पादकता एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। विश्वविद्यालय को अनुसंधान, प्रशिक्षण एवं तकनीकी प्रसार के माध्यम से इन योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने उत्तराखंड की पर्वतीय कृषि में मंडुवा, झंगोरा, चौलाई, राजमा, औषधीय एवं सुगंधित पौधों, बागवानी, मधुमक्खी पालन तथा मत्स्य पालन की व्यापक संभावनाओं पर विशेष अनुसंधान करने का आह्वान किया। राज्यपाल ने वैज्ञानिकों एवं विद्यार्थियों से कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ड्रोन, रोबोटिक्स एवं सटीक कृषि जैसी आधुनिक तकनीकों को किसानों के खेतों तक पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने प्राकृतिक एवं जैविक खेती, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा जल संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग पर बल देते हुए कहा कि कृषि को लाभकारी बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से नौकरी तलाशने के बजाय कृषि आधारित स्टार्टअप, उद्यमिता एवं नवाचार के माध्यम से रोजगार सृजन करने का आह्वान किया। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, अनुसंधान, खेल एवं राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाने की प्रेरणा दी।सांसद अजय भट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय ने अपनी स्थापना से ही देश की कृषि व्यवस्था को मजबूत बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। उन्होंने क्यूएस एशिया रैंकिंग में विश्वविद्यालय की उपलब्धि पर कुलपति एवं समस्त विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय का नाम देश और विदेश में सम्मान के साथ लिया जाता है। विश्वविद्यालय की प्रगति एवं विकास के लिए वे सदैव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे। उन्होंने परिसर की आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा विद्यार्थियों के लिए एक बड़े सभागार की आवश्यकता पर भी सहयोग का आश्वासन दिया।
कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय की स्थापना केवल एक शैक्षणिक संस्थान की स्थापना नहीं थी, बल्कि देश को खाद्यान्न के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के राष्ट्रीय संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा थी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने कृषि अनुसंधान, उन्नत बीजों के विकास, नई तकनीकों एवं प्रशिक्षित मानव संसाधन के माध्यम से देश की खाद्य सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आज पंतनगर विश्वविद्यालय के शिक्षित विद्यार्थी देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय की क्यूएस एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में उपलब्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के कृषि विश्वविद्यालयों की श्रेणी में पंतनगर का प्रथम स्थान प्राप्त करना पूरे विश्वविद्यालय परिवार के सामूहिक परिश्रम का परिणाम है। इस उपलब्धि में शिक्षकों, वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, गैर-शिक्षण कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने विश्वविद्यालय को विश्वस्तरीय संस्थान बनाने तथा किसानों और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाने का संकल्प दोहराया। विश्वविद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को राज्यपाल विभिन्न पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय तथा मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय के विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप द्वारा रचित पुस्तक ‘पंतनगर राइजिंग’ का विमोचन किया गया। इसके साथ ही विश्वविद्यालय की 10 प्रमुख इकाइयों की उपलब्धियों एवं गतिविधियों को प्रदर्शित करने वाले 10 ब्रोशर का भी विमोचन किया गया। समारोह में विश्वविद्यालय के जैव अभिकर्ता के व्यावसायीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्रिस्टल कॉर्पोरेशन तथा नेचर ऑर्गेनिक्स के साथ किए गए समझौतों का भी उल्लेख किया गया।

locnirnay@gmail.com

locnirnay@gmail.com

About Author

You may also like

शोध/आविष्कार

फलों की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए प्रतिबंधित पॉलीथिन को बाय बाय करेगा नेचुरल फाइबर बैग

लोक निर्णय, पंतनगर: फलों की गुणवत्ता के साथ उत्पादन बढ़ाया जाए, जिससे किसानों को उनके उत्पाद की बेहतर कीमत मिल
शिक्षा

तीन भाषाओं में पढ़ाने पर शिक्षिका मंजू बाला को मिलेगा पुरस्कार

लोक निर्णय,रुद्रपुर: कहते है कि यदि कुछ करने का जज्बा हो तो हर मंजिल खुद कदम चूमती है।इसी जज्बे और