सीईसी को हटाने की मांग को कांग्रेस ने निकाला विरोध मार्च
रुद्रपुर।( लोक निर्णय)अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत गुरुवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार गुप्ता को पद से हटाने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ऊधम सिंह नगर की ओर से गला मंडी से डॉक्टर भीमराव आंबेडकर चौक तक विशाल विरोध मार्च निकाला गया। जहां कांग्रेस नेताओं ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मुख्य मार्ग पर ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार का पुतला दहन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।मार्च के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय को सौंपा।प्रेषित किया गया। उपनेता प्रतिपक्ष एवं खटीमा विधायक भुवन कापड़ी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती और संविधान की रक्षा के मुद्दे को लेकर जनता के बीच अपनी बात रख रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के मत और उसके अधिकारों की रक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि चुनाव व्यवस्था पर जनता का विश्वास लोकतंत्र की बुनियाद है। चुनाव से जुड़ी किसी भी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का स्पष्ट और पारदर्शी तरीके से समाधान होना चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही और पारदर्शिता की मांग को लेकर अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं।पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज और उसके मताधिकार का सम्मान होना चाहिए। इसी उद्देश्य से जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से यह विरोध मार्च आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा से जुड़े मुद्दों को लगातार जनता के बीच उठाते रहेंगे। किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हरेन्द्र सिंह लाडी ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए पारदर्शिता और जवाबदेही आवश्यक है। चुनावी व्यवस्था से जुड़े सवालों का समाधान संवैधानिक और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत होना चाहिए। कांग्रेस ने इसी मांग को लेकर आज अपना विरोध दर्ज कराया है।विरोध प्रदर्शन में महानगर अध्यक्ष ममता रानी, काशीपुर महानगर अध्यक्ष अलका पाल, ब्लॉक अध्यक्ष पवन बिष्ट, ब्लॉक अध्यक्ष अशोक राय, ब्लॉक अध्यक्ष नासिर, यूथ कांग्रेस सचिव परिमल राय, नव तेजपाल सिंह, सुमित्र भुल्लर, डॉ अजय सिंह, देवेंद्र शाही, योगेश चौहान, संदीप चीमा, सुभाष बेहड़, पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन, ममता हालदार, गणेश उपाध्याय आदि शामिल थे।





