यात्रियों की सुविधा के साथ ग्रामीण रोजगार को मिलेगा बढ़ावा, सीडीओ ने किया नवनिर्मित वे साइड अमेनिटीज का निरीक्षण
रुद्रपुर। (लोक निर्णय)जनपद उधम सिंह नगर के विकासखंड जसपुर में एनएच-734 पर ग्रामोत्थान–रीप परियोजना एवं जिला प्रशासन, उधम सिंह नगर के सहयोग से निर्मित नवनिर्मित वे साइड अमेनिटीज का शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी नए निरीक्षण किया । उन्होंने परिसर में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं का जायजा लेते हुए इसके सुव्यवस्थित संचालन, प्रभावी प्रबंधन एवं बेहतर रख-रखाव के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।मुख्य विकास अधिकारी ने वे साइड अमेनिटीज में निर्मित किचन, पार्किंग व्यवस्था तथा किराए पर दिए जाने हेतु निर्मित दो दुकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देशित किया कि परिसर में उपलब्ध प्रत्येक सुविधा का समुचित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा संचालन, स्वच्छता एवं रख-रखाव के लिए एक सुदृढ़ एवं व्यावहारिक व्यवस्था विकसित की जाए।
उन्होंने विशेष रूप से दुकानों के उचित उपयोग एवं संचालन पर जोर देते हुए कहा कि इनके माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का सृजन करने के साथ-साथ ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा सकता है। साथ ही, यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर में स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, पार्किंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि वे साइड अमेनिटीज यात्रियों को सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों, महिला स्वयं सहायता समूहों एवं ग्रामीण उद्यमियों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और उनकी आजीविका को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम बन सकती हैं।निरीक्षण के दौरान जिला परियोजना प्रबंधक, ग्रामोत्थान–रीप परियोजना शुभंकर कुमार झा, खंड विकास अधिकारी जसपुर केके कांडपाल, सहायक प्रबंधक (मूल्यांकन एवं अनुश्रवण), रीप एवं एनआरएलएम की ब्लॉक टीम, बीएमएम, एमएंडई तथा सीएलएफ टीम उपस्थित रही।





