संजय नगर खेड़ा में मेयर ने सुनीं समस्याएं
रुद्रपुर। (लोक निर्णय) महापौर विकास शर्मा ने आज ‘महापौर जनता के द्वार’ अभियान का शुभारंभ वार्ड नंबर 11 संजय नगर खेड़ा बस्ती से किया। उन्होंने समस्याएं सुनीं और मौके पर कई शिकायतों का निस्तारण भी किया। महापौर ने घोषणा की है कि अब प्रत्येक सोमवार को अलग अलग वार्डों में इसी प्रकार के शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर में नगर निगम, बिजली विभाग, जल संस्थान, श्रम विभाग, समाज कल्याण विभाग, जन्म प्रमाण पत्र शाखा तथा आयुष्मान योजना समेत विभिन्न विभागों के अलग अलग स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों पर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ साथ मौके पर ही सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।शिविर में महापौर विकास शर्मा, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने स्वयं मौजूद रहकर लोगों की समस्याएं सुनीं।महापौर विकास शर्मा ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल शिकायतों का निस्तारण करना नहीं बल्कि केन्द्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना भी है। महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा शासन प्रशासन और संगठन के कार्यकर्ताओं से सरकारी योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया है, जिसके तहत नगर निगम अन्य विभागों के साथ मिलकर सीधे जनता के बीच पहुंच रहा है।इस अवसर पर नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पियूष रंजन, राजू नबियाल, पार्षद पवन राणा, पार्षद चिराग कालरा, राधेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।





