रुद्रपुर डकैती का बड़ा खुलासा: 4 आरोपी गिरफ्तार, बाल अपचारी भी हिरासत में; ₹1.26 लाख बरामद
रुद्रपुर।(लोक निर्णय) कोतवाली रुद्रपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मलसी क्षेत्र में हुई डकैती की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। साथ ही उनके कब्जे से डकैती की 1.26 लाख की नगदी बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने अपने संरक्षण में लिया है।आठ अगस्त की रात रुद्रपुर के मलसी क्षेत्र में डकैती की घटना हुई थी। मामले में वादी विनीत पाठक निवासी ग्राम मलसी की तहरीर पर कोतवाली रुद्रपुर में प्राथमिकी पंजीकृत की गई थी।इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल पुलिस टीमों का गठन कर जल्द से जल्द घटना के अनावरण के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली रुद्रपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त रूप से चार टीमों ने जांच शुरू की।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। सुरागों के आधार पर पुलिस टीम बाल अपचारी को साथ लेकर ग्राम पसियापुर, थाना विलासपुर, जनपद रामपुर पहुंची और दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान प्रिंस उर्फ प्रिंसदीप सिंह, हरपाल सिंह, हरजीत सिंह और सतपाल सिंह के रूप में हुई है। इनके साथ एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने पकड़ा है।आरोपितों के कब्जे से घटना में चोरी की गई 1,26,000 की धनराशि बरामद की है। पुलिस अब घटना में आरोपियों की भूमिका और अन्य संभावित संलिप्त लोगों के संबंध में भी जांच कर रही है।संयुक्त टीम में निरीक्षक प्रकाश सिंह दानू, उपनिरीक्षक खुशवंत सिंह, उपनिरीक्षक निर्मल सिंह लटवाल, उपनिरीक्षक मोहन चन्द्र जोशी तथा कांस्टेबल ललित मोहन, नवीन गिरी, हरीश मेहरा और देवेन्द्र तोम्कियाल शामिल थे।





