राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में हरिद्वार का जलवा
देहरादून। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में 3 से 6 फरवरी तक आयोजित राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के अंतर्गत पेचक सिलाट (मार्शल आर्ट) प्रतियोगिता में हरिद्वार की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर कुल 7 पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में प्रदेश भर से लगभग 300–400 खिलाड़ियों (बालक एवं बालिका वर्ग) ने प्रतिभाग किया।हरिद्वार की टीम ने अंडर-14 एवं अंडर-19 वर्ग में प्रतिभाग करते हुए उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। पदक विजेताओं में नंदिनी (60–65 किग्रा) एवं काजल पांडेय (47–51 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीते। साक्षी (+65 किग्रा) ने रजत पदक हासिल किया। वहीं साक्षी (55–60 किग्रा), काजल गुप्ता (60–65 किग्रा), खुशी चौहान (51–55 किग्रा) एवं अनोखी (50–55 किग्रा) ने कांस्य पदक प्राप्त कर जनपद का नाम रोशन किया।पेचक सिलाट (मार्शल आर्ट) खेल में हरिद्वार को पहली बार इतने पदक प्राप्त हुए हैं।प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी अब 23–24 फरवरी को दिल्ली में आयोजित “खेलो इंडिया विमेंस लीग – नॉर्थ ज़ोन” प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।





