उत्तराखंड ऊधम सिंह नगर खेती/किसानी खेल शिक्षा शोध/आविष्कार स्वास्थ्य

‘पंत विवि’ को विश्व का अग्रणी कृषि विश्वविद्यालय बनाने का संकल्प, प्रयोगशाला से खेत तक पहुंचेगा शोध : कुलपति


पंतनगर। (लोक निर्णय)दीपावली के पावन पर्व पर गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने विश्वविद्यालय परिवार, पूर्व छात्रों, किसानों, शुभचिंतकों और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए पंतनगर को भारत ही नहीं, बल्कि विश्व का अग्रणी कृषि विश्वविद्यालय बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का शोध केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका लाभ सीधे किसानों के खेतों तक पहुंचना चाहिए। हमारा विद्यार्थी केवल रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बने और विश्वविद्यालय की तकनीक छोटे से छोटे किसान की आमदनी बढ़ाने में सहायक हो, यही हमारा लक्ष्य है।दीपावली संदेश में कुलपति ने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश, निराशा पर आशा और रुकावटों पर संकल्प की विजय का पर्व है। पंतनगर के लिए इसका विशेष महत्व है, क्योंकि विश्वविद्यालय की स्थापना ही कृषि क्षेत्र के अंधकार को ज्ञान के प्रकाश से दूर करने के उद्देश्य से हुई थी। आज परिसर में जगमगाते दीप केवल रोशनी के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों के सपनों, वैज्ञानिकों के परिश्रम, शिक्षकों के समर्पण और कर्मचारियों की निष्ठा का भी प्रतिनिधित्व करते हैं।कुलपति ने कहा कि इस वर्ष विश्वविद्यालय ने नई फसल किस्मों, जलवायु अनुकूल खेती, मृदा स्वास्थ्य और पोषण सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण शोध कार्य किए हैं। विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शोध, नवाचार और सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी पहचान बनाई है। वहीं कृषि विज्ञान केंद्रों ने गांव-गांव तक पहुंचकर किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक जानकारी से जोड़ा है।उन्होंने कहा कि स्टार्टअप, एग्री-बिजनेस, ड्रोन तकनीक, प्राकृतिक खेती और डिजिटल कृषि जैसे उभरते क्षेत्रों में भी विश्वविद्यालय तेजी से कदम बढ़ा रहा है। परिसर में नई प्रयोगशालाओं, स्मार्ट कक्षाओं, किसान सुविधा केंद्रों और छात्र कल्याण से जुड़ी पहलों के माध्यम से शैक्षणिक एवं शोध सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। एशिया क्यूएस रैंकिंग में विश्वविद्यालय की उपस्थिति ने पंतनगर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। यह उपलब्धियां किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे पंतनगर परिवार के सामूहिक परिश्रम और सहयोग का परिणाम हैं।कुलपति डॉक्टर शिवेंद्र कुमार कश्यप ने शिक्षकों, वैज्ञानिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, श्रमिकों, विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि पंतनगर की असली ताकत उसका परिवार है। पूर्व छात्र देश-विदेश में विश्वविद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं और हर चुनौती में अपनी मातृ संस्था के साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने भविष्य की प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि क्लाइमेट स्मार्ट कृषि, जल संरक्षण, मिट्टी का स्वास्थ्य, महिला किसानों का सशक्तिकरण और युवाओं को कृषि से जोड़ना विश्वविद्यालय की प्रमुख प्राथमिकताएं होंगी। विश्वविद्यालय का ज्ञान उत्तराखंड के पहाड़ों से लेकर देश के प्रत्येक खेत तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए शोध, नवाचार और तकनीक को किसानों की जरूरतों के अनुरूप विकसित करना होगा।कुलपति ने दीपावली पर विश्वविद्यालय परिवार से तीन महत्वपूर्ण संकल्प लेने का आह्वान किया। पहला ‘कन्विक्शन टू ग्रो’ यानी निरंतर आगे बढ़ने और प्रत्येक चुनौती को अवसर में बदलने का संकल्प। दूसरा ‘कन्विक्शन टू परफॉर्म’ यानी केवल बातें नहीं, बल्कि ठोस परिणाम देने का संकल्प। तीसरा ‘कन्विक्शन टू कंट्रीब्यूट’ यानी व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर राज्य, कृषि और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का संकल्प।उन्होंने कहा कि किसान की समृद्धि ही विश्वविद्यालय की सबसे बड़ी सफलता होगी। दीपावली का प्रकाश प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि लाए तथा पंतनगर का हर सदस्य गर्व से कह सके कि हम पंतनगर हैं और हम ही भविष्य बनाएंगे

locnirnay@gmail.com

locnirnay@gmail.com

About Author

You may also like

शोध/आविष्कार

फलों की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए प्रतिबंधित पॉलीथिन को बाय बाय करेगा नेचुरल फाइबर बैग

लोक निर्णय, पंतनगर: फलों की गुणवत्ता के साथ उत्पादन बढ़ाया जाए, जिससे किसानों को उनके उत्पाद की बेहतर कीमत मिल
शिक्षा

तीन भाषाओं में पढ़ाने पर शिक्षिका मंजू बाला को मिलेगा पुरस्कार

लोक निर्णय,रुद्रपुर: कहते है कि यदि कुछ करने का जज्बा हो तो हर मंजिल खुद कदम चूमती है।इसी जज्बे और