पंत विवि की स्नातक प्रवेश परीक्षा में हरिद्वार के वासुदेव और परास्नातक में रुद्रपुर की मानसी ने मारी बाजी
पंतनगर। (लोक निर्णय) गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर द्वारा आयोजित स्नातक/स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। परीक्षा में सम्मिलित अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के एडमिशन पोर्टल www.gbpuat.org.in पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं। परीक्षा नियंत्रक डा. एके उपाध्याय ने बताया कि प्रवेश परीक्षा उत्तराखण्ड के विभिन्न केन्द्रों पर स्नातक एवं एम.सी.ए. कार्यक्रम के लिए सात जून को तथा स्नातकोत्तर एवं पीएच.डी. कार्यक्रमों के लिए छह जून को आयोजित की गई थी। विभिन्न कार्यक्रमों में स्नातक की परीक्षा में 7358, स्नातकोत्तर परीक्षा में 867, एमसीए परीक्षा में 124 तथा पीएच.डी. परीक्षा में 436 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।उन्होंने बताया कि स्नातक परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय रैंक पर क्रमशः हरिद्वार के वासुदेव कृष्ण पाठक, रामपुर के मो. कैफ एवं नैनीताल की नीलम बेलवाल रहे। स्नातकोत्तर परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय रैंक पर क्रमशः रूद्रपुर की मानसी जोशी, हल्द्वानी की प्रतिभा नागरकोटी एवं हरियाणा के विवेक शर्मा रहे। एमसीए परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय रैंक पर क्रमशः बरेली के प्रियांश भर्दवाल, पिथौरागढ़ के गौरव जोशी एवं काशीपुर की कनिका तिवारी रहे।कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने सफल परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय में गुणवत्ता आधारित पारदर्शी प्रवेश प्रक्रिया सुनिश्चित की गई है। इस वर्ष परीक्षा में अभ्यर्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई।





