टेबिल टेनिस सिंगल्स में नीरज बिष्ट चैम्पियन
पंतनगर। (लोक निर्णय) गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के स्टीवेंसन स्टेडियम में आयोजित स्टाफ स्पोर्ट्स क्लब टेबिल टेनिस प्रतियोगिता के सिंगल्स मुकाबले में डा. नीरज बिष्ट ने डा. प्रमोद मल्ल को 3-2 से हराकर चैम्पियन बने। डबल्स मुकाबले में डा. प्रमोद मल्ल व डा. अनिल कुमार की जो़ड़ी ने डा. नीरज बिष्ट व डा. आरपी मोर्या की जोड़ी को 3-0 से हराकर विजय प्राप्त की। सिंगल्स मैच में डा. नीरज बिष्ट ने पहला सेट 21-15 से जीत लिया, जबकि दूसरे व तीसरे सेट में डा. प्रमोद मल्ल ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 21-18 व 21-15 से सेट जीत लिया। जबकि चौथे व पांचवें सेट में डा.. नीरज बिष्ट ने बेहतर खेल तकनीक का प्रदर्शन करते हुए 21-13 व 21-18 से मैच जीत लिया। डबल्स मैच में डा. प्रमोद मल्ल व डा. अनिल कुमार की जोड़ी ने तीन सेट में डा. नीरज बिष्ट व डा. आरपी मोर्या की जोड़ी को 21-15, 21-18 व 21-18 से हरा कर मैच अपने नाम कर लिया। सभी विजेता व उपविजेता को प्रभारी अधिकारी शारीरिक शिक्षा डा. जीएस बोहरा, पूर्व सचिव स्टाफ स्पोर्ट्स क्लब डा. एनके सिंह, व योगेश पंत ने सम्मानित किया। जबकि निर्णायक की भूमिका में प्रथम व हेमन्त जोशी को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। प्रभारी अधिकारी शारीरिक शिक्षा डा. जीएस बोहरा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विवि कर्मियों में सद्भावना व भाईचारा स्थापित करने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि सभी कर्मियों को अपने कार्य के साथ खेलों को भी प्राथमिकता देना चाहिए। इस अवसर पर क्लब के कोषाध्यक्ष प्रभाकर जोशी ने प्रतियोगिता का संक्षिप्त प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। धन्यवाद प्रस्ताव टेबिल टेनिस प्रतियोगिता के संयोजक रजनीश कुमार पाण्डेय ने दिया।





