काशीपुर में प्रभारी मंत्री बत्रा ने ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता को लगाई फटकार
काशीपुर। (लोक निर्णय) सूचना प्रौद्योगिकी एवं जनपद प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने नगर निगम सभागार में आज आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में अधिकारियों को जनता के प्रति जवाबदेह रहने का सख्त संदेश दिया। ऊर्जा निगम के अधिकारियों द्वारा जनप्रतिनिधियों के फोन नहीं उठाने की शिकायत पर मंत्री ने ऊर्जा निगम काशीपुर के अधिशासी अभियंता को मौके पर ही फटकार लगाई। साथ ही दिन में डंपरों के संचालन पर रोक, रामनगर रोड स्थित निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज को शीघ्र पूरा कराने समेत विभिन्न जनसमस्याओं पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।कार्यक्रम में मंत्री ने 31.35 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास तथा 13.01 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। जनसेवा शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है, ताकि आम जनता को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।मंत्री ने कहा कि काशीपुर के विकास को प्राथमिकता देते हुए नए रोडवेज बस स्टेशन के लिए भूमि चयन और हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है तथा जल्द टेंडर जारी होगा। शहर में आधुनिक बस स्टॉप विकसित किए जाएंगे और काशीपुर, जसपुर, रामनगर व खटीमा को जोड़ने के लिए करीब 20 नई सिटी बसें, जिनमें इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल होंगी, संचालित करने की तैयारी है। उन्होंने बताया कि परिवहन निगम ने 200 नई बीएस-6 बसों की खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी है, जो दीपावली से पहले सड़कों पर उतरनी शुरू हो जाएंगी।नगर निगम क्षेत्र में 49 विकास कार्यों के तहत सड़कों, नालियों, ईवी चार्जिंग स्टेशन और वेंडिंग जोन जैसी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां 54 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना की चाबियां, स्वनिधि योजना के चेक और अन्य योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया।कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, महापौर दीपक बाली, राज्य मंत्री सीमा चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, मुख्य विकास अधिकारी दिनेश शाशनी, नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।





