कार्यशाला में नृत्य के साथ बच्चों ने सीखे पहाड़े, निबंध लेखन की समझी बारीकियां
देहरादून। (लोक निर्णय)अल्मोड़ा से प्रकाशित बच्चों की लोकप्रिय पत्रिका बालप्रहरी, भारत ज्ञान विज्ञान समिति तथा किताब कौतिक आयोजन समिति के संयुक्त तत्वावधान में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सहयोग से दून लाइब्रेरी, देहरादून में आयोजित पांच दिवसीय बाल लेखन कार्यशाला के दूसरे दिन गुरुवार को बच्चों ने उत्साह के साथ कई नई विधाएं सीखीं। दिन की शुरुआत ‘ज्ञान का दिया जलाने’ समूह गीत से हुई। शब्द लेखन, पहाड़ा लिखो, चित्रकला और खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों आलिया नूर, अंशिका रावत, तनू चंद, खुशी कुमारी, सरोज कुमार, अभिजीत, अदिति और कनिका को बालसाहित्य पुरस्कार स्वरूप प्रदान किया गया। बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए ‘नेताजी की खोज’, ‘तोता कहता है’, ‘जैसा मैं कहूं’, ‘कितने भाई कितने’, ‘कितना बड़ा पहाड़’ और ‘पिज्जा हट’ जैसे रोमांचक खेल कराए गए।अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के अंबरीश बिष्ट ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के वैज्ञानिक युग में भी समाज में कई अंधविश्वास और कुरीतियां व्याप्त हैं, जिन्हें दूर करने के लिए बचपन से ही बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की आवश्यकता है। भारत ज्ञान विज्ञान समिति के प्रांतीय अध्यक्ष विजय भट्ट ने कहा कि विज्ञान कोई प्रयोगशाला का कठिन विषय नहीं है, बल्कि यह हमारे दैनिक जीवन और घरों में आसानी से देखा जा सकता है। उन्होंने बच्चों को खेल-खेल में विज्ञान के कई सरल प्रयोग समझाए।बालप्रहरी के संपादक उदय किरौला ने बच्चों को निबंध लेखन की बारीकियां सिखाईं। उन्होंने बताया कि निबंध साहित्य की एक ऐसी स्वतंत्र विधा है जिसमें लेखन का कोई बंधन नहीं होता। उन्होंने ‘पैन’ का उदाहरण देते हुए बच्चों को उसकी पृष्ठभूमि, प्रकार, भाग, लाभ-हानि और उपसंहार के आधार पर निबंध तैयार करने की पूरी प्रक्रिया समझाई। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजपुर रोड की शिक्षिका कुसुम वर्तवाल के मार्गदर्शन में बच्चों ने बच्चे, फूल, बादल, हमारा श्रीनगर, भोजन की बर्बादी, बेटी बचाओ, कूड़ादान और बेटियां नहीं हैं कम जैसे विषयों पर सुंदर कविताएं तैयार कीं।कार्यशाला के दौरान बच्चों ने अपनी हस्तलिखित पुस्तक के लिए ‘मेरा परिचय’, ‘मेरा स्कूल’, ‘मेरी दिनचर्या’, ‘एक दिन की बात है’ तथा चुटकुले आदि तैयार किए। इस शिविर में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजपुर रोड, सनातन धर्म इंटर कॉलेज, राजकीय जूनियर हाईस्कूल परेड ग्राउंड और सीएनआई गर्ल्स इंटर कॉलेज के लगभग 50 छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर अंबरीश बिष्ट, हेम पंत, विजय भट्ट, अदिति जमलोकी, सुमन सेमवाल, कुसुम वर्तवाल और अनीता अंथवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





